CBSE का बड़ा ऐलान: 12वीं के छात्र खुद देखेंगे अपनी कॉपियां, बदल सकते हैं नंबर
CBSE ने माना है कि 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियां के मूल्यांकन में गलतियां हो सकती हैं। खासकर, तब जब हर साल 1 करोड़ से ज्यादा कॉपियां जांची जाती हैं। 85.20 प्रतिशत छात्रों के पास होने के बाद, बोर्ड ने छात्रों को 19 मई से 22 मई तक अपनी जांची हुई कॉपियां देखने की इजाजत दी है। इस आधिकारिक प्रक्रिया के जरिए विद्यार्थी अपने अंकों को स्वयं दोबारा जांच सकते हैं।
सत्यापन और दोबारा मूल्यांकन 26 से 29 मई
अगर छात्रों को अपनी उत्तर पुस्तिका में कोई गलती दिखती है, तो वे 26 से 29 मई के बीच सत्यापन या दोबारा मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकते हैं। CBSE के परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने आश्वस्त किया है कि जिन गलतियों की पुष्टि होगी, उन्हें तत्काल सुधारा जाएगा।
विशेषज्ञों की कमेटी जो भी निर्णय लेगी, उसके आधार पर छात्रों के अंक बढ़ या घट भी सकते हैं। बोर्ड ने बताया है कि यह नई प्रक्रिया सभी के लिए निष्पक्षता और पारदर्शिता लाने के मकसद से शुरू की गई है।