NEET-UG 2026 पेपर लीक: 10 लाख रुपये देकर भी पास नहीं हो सकता बेटा, CBI ने खोली परतें
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) राजस्थान के सीकर से सामने आए NEET-UG 2026 पेपर लीक की गहन जांच में जुटी है। आरोप है कि दिनेश बिवाल ने अपने बेटे ऋषि को परीक्षा पास कराने के लिए लीक पेपर खरीदने के लिए करीब 10 लाख रुपये चुकाए थे। हालांकि, इतना पैसा खर्च करने के बावजूद ऋषि को 720 में से सिर्फ 107 नंबर ही मिले। लीक हुए इन पेपरों को कोचिंग सेंटरों तक पहुंचाने के आरोप में दिनेश बिवाल और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
CBI की जांच का दायरा- 150 छात्रों से पूछताछ
ऋषि की अकादमिक पृष्ठभूमि पहले से ही कमजोर थी। उसने 10वीं में केवल 44 प्रतिशत और 12वीं में ग्रेस मार्क्स के साथ मुश्किल से 50 प्रतिशत से कुछ ज्यादा नंबर हासिल किए थे। फिलहाल ऋषि फरार बताया जा रहा है। CBI अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लगभग 150 छात्रों की छानबीन कर रही है। जांच एजेंसियों को सीकर में एक फ्लैट भी मिला है, जिसका इस्तेमाल लीक पेपर बांटने के लिए किया जाता था। यह इस बात का सबूत है कि यह धोखाधड़ी का नेटवर्क कितना व्यापक और संगठित था।