Loading...
हैदराबाद में मेटा के इंडिया हेड पर दर्ज हुआ मुकदमा, प्रधानमंत्री के AI कंटेंट का मामला
हैदराबाद में मेटा के इंडिया हेड पर दर्ज हुआ केस

हैदराबाद में मेटा के इंडिया हेड पर दर्ज हुआ मुकदमा, प्रधानमंत्री के AI कंटेंट का मामला

Jul 31, 2026
09:54 am

क्या है खबर?

हैदराबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े कथित आपत्तिजनक और AI वीडियो तथा तस्वीरों को लेकर मेटा के इंडिया हेड के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। साइबरक्राइम पुलिस ने कई फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट चलाने वालों को भी इस मामले में आरोपी बनाया है। यह कार्रवाई भारतीय जनता पार्टी (BJP) समर्थकों की शिकायत के बाद की गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी कानून की संबंधित धाराओं के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।

मामला

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, यह मामला कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में हुए NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के दौरान सोशल मीडिया पर साझा किए गए कुछ वीडियो और तस्वीरों से जुड़ा है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रधानमंत्री को निशाना बनाते हुए कथित तौर पर बदले हुए और आपत्तिजनक वीडियो तथा तस्वीरें फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गईं।

शिकायत मिलने के बाद अब पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

मांग

भाजपा समर्थकों ने की कार्रवाई की मांग

तेलंगाना भाजपा की सोशल मीडिया कोर कमेटी के सदस्य टी. साईकिरण गौड़ ने पुलिस को 20 फेसबुक और इंस्टाग्राम लिंक सौंपे।

उनका आरोप है कि इन खातों से प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक कंटेंट साझा कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की गई।

एक अन्य शिकायतकर्ता एस. अरविंद रेड्डी ने भी कुछ खातों पर अश्लील और कथित रूप से बदले हुए वीडियो तथा तस्वीरें साझा करने का आरोप लगाते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

ADVERTISEMENT

जांच

अकाउंट चलाने वालों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि शिकायत में बताए गए कई लिंक अब सक्रिय नहीं हैं, लेकिन मामले की जांच जारी है।

अधिकारियों की टीम सोशल मीडिया अकाउंट चलाने वालों की पहचान करने, डिजिटल सबूत जुटाने और मेटा से जरूरी जानकारी हासिल करने में लगी है।

जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है।

ADVERTISEMENT