Page Loader
राजस्थान: बारातियों को ले जा रही कार नदी में गिरी, दूल्हे समेत 9 की मौत
बारातियों को ले जा रही कार नदी में गिरी (तस्वीर:twitter@ani)

राजस्थान: बारातियों को ले जा रही कार नदी में गिरी, दूल्हे समेत 9 की मौत

Feb 20, 2022
04:40 pm

क्या है खबर?

राजस्थान के कोटा में रविवार सुबह नदी में कार गिरने से इसमें सवार दूल्हे समेत नौ लोगों की मौत हो गई। यह कार बारातियों को लेकर चौथ का बरवाड़ा से उज्जैन जा रही थी। सुबह करीब 5:30 बजे नयापुरा के पास छोटी पुलिया के नजदीक कार चंबल नदी में गिर गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत अभियान चलाया, लेकिन किसी भी यात्री का जान नहीं बचाई जा सकी।

जानकारी

क्रेन की मदद से निकाली गई कार

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कोटा नगर निगम के गोताखोरों ने नदी में उतरकर बचाव अभियान चलाया। सभी शवों को निकाल लिया गया है और उन्हें स्थानीय अस्पताल में रखवाया गया है। कार को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया।

बयान

चालक का नियंत्रण खोना हो सकता है हादसे का कारण

कोटा शहर के पुलिस अधीक्षक केसर सिंह शेखावत ने कहा कि कार में नौ लोग सवार थे। नयापुरा इलाके के पास चंबल नदी पर एक पुराना पल है। प्रथम दृष्टया यह लग रहा है कि पुल पार करते समय नियंत्रण खोने के कारण कार नदी में गिर गई। कार में सवार सभी लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि सात लोगों के शव कार में मिले, जबकि दो शव कार के बाहर तैर रहे थे।

हादसा

जयपुर और सवाई माधोपुर के रहने वाले हैं मृतक

शेखावत ने बताया कि मृतक दूल्हे अविनाश की उम्र 23 साल थी। बाकी मृतकों की पहचान 30 वर्षीय केशव, 35 वर्षीय इस्लाम खान, 22 वर्षीय कौशल, 23 वर्षीय शुभम, 25 वर्षीय राहुल, 22 वर्षीय रोहित, 24 वर्षीय विकास और 35 वर्षीय मुकेश के तौर पर हुई है। सभी मृतक जयपुर और सवाई माधोपुर के रहने वाले थे। हादसे की जानकारी मिलने पर बारात में जा रहे अन्य लोग मौके पर पहुंचे।

संवेदना

मुख्यमंत्री ने जताया घटना पर दुख

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। गहलोत ने ट्विटर पर लिखा, 'कोटा में बारातियों की कार चंबल नदी में गिरने से दूल्हे सहित 9 लोगों की मृत्यु बेहद दुखद व दुर्भाग्यपूर्ण है। कलक्टर से बात कर पूरी घटना की जानकारी ली है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं,ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति दें, दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें।'

मदद

मृतकों के परिजनों को मिलेगा मुआवजा

गहलोत ने बताया कि उन्होंने राज्य सरकार में मंत्री भजनलाल जाटव को घटनास्थल पर जाने को कहा है। इसके साथ ही उन्होंने प्रत्येक मृतक के आश्रित को 2 लाख रूपये की सहायता राशि एवं एक परिवार से दो या अधिक मृतकों पर अधिकतम 5 लाख रूपये की सहायता राशि प्रदान किये जाने के निर्देश दिए हैं। ओम बिरला ने अपने संसदीय क्षेत्र में इस घटना को ह्रद्यविदारक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।