Loading...
बॉम्बे हाई कोर्ट ने पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध का विचार किया, कहा- सोच नहीं बदलने वाली
बॉम्बे हाई कोर्ट ने पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध का विचार किया

बॉम्बे हाई कोर्ट ने पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध का विचार किया, कहा- सोच नहीं बदलने वाली

लेखन गजेंद्र
Nov 20, 2026
10:47 am

क्या है खबर?

दिवाली के दौरान नियम और तय सीमा की धज्जियां उड़ाते हुए जो आतिशबाजी की गई है, उससे महाराष्ट्र का बॉम्बे हाई कोर्ट काफी नाराज है। कोर्ट ने गुरुवार को कहा कि वह दूसरे देशों की तरह, मंजूर वजहों से कम्युनिटी में पटाखे जलाने को छोड़कर, पटाखों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के लिए एक सख्त आदेश पर विचार कर रहा है। यह टिप्पणी न्यायमूर्ति गिरीश एस कुलकर्णी और नीला के गोखले की पीठ ने की है।

सुनवाई

कोर्ट ने क्या कहा?

कोर्ट ने त्योहारों के दौरान सड़कों पर ध्वनि प्रदूषण और पटाखे फोड़ने पर चिंता जताने वाली एक स्वत: संज्ञान याचिका और दूसरी अर्जियों पर अपना आदेश सुरक्षित रख लिया है।

पिछले महीने, पीठ ने निर्देश दिया था कि त्योहारों के दौरान सड़कों पर पटाखे फोड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध पूरे वर्ष लागू रहेगा।

कोर्ट ने कहा कि उसका आदेश किसी खास त्योहार या मौसम से जुड़ा नहीं था, लेकिन लगता है कि कुछ लोगों को सामाजिक कारणों की कोई समझ नहीं।

आदेश

लोगों को दिक्कत हो रही है- कोर्ट

कोर्ट ने दिवाली के दौरान हवाई पटाखों पर बैन लगाने का बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) का फैसला बहुत जरूरी बताया।

न्यायमूर्ति कुलकर्णी ने कहा, "लोगों की प्रॉपर्टी को दिक्कत हो रही है। शहर में 332 बार आग लगी। अगर यह सही आंकड़ा है तो चिंता की बात है। उन्हें प्रदूषण और यह कितना खतरनाक है, इस बारे में कोई संवेदना नहीं है। दिवाली के त्योहार के दौरान एक खास समय पर प्रदूषण सबसे अधिक था। हम इसे रोकना चाहते हैं।"

ADVERTISEMENT

फैसला

सिर्फ कम्युनिटी पटाखे ही जलेंगे- कोर्ट

कोर्ट ने कहा कि लाखों लोगों के बड़े हित में कुछ कड़े आदेश देने होंगे, जब तक इस तरह का सक्रिय दृष्टिकोण नहीं अपनाते, कुछ भी बेहतर नहीं होने वाला है।

कोर्ट ने कहा कि लोग अपनी सोच नहीं बदलेंगे, वे सुबह 3 बजे तक पटाखे जलाते रहेंगे। यह पूरी तरह नियंत्रण से बाहर है।

कोर्ट ने कहा कि सभी पटाखों पर बैन लगाना होगा और सिर्फ कम्युनिटी पटाखे ही जलेंगे, यही जहरीलेपन से राहत पाने का एकमात्र तरीका है।

ADVERTISEMENT