इंडिगो की कोलकाता-शिलांग उड़ान में बम होने की धमकी, कराई गई गहन जांच
क्या है खबर?
इंडिगो की कोलकाता से शिलांग जाने वाली उड़ान में शनिवार सुबह बम होने की धमकी से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के अधिकारियों ने विमान को तत्काल खाली क्षेत्र में ले जाकर यात्रियों को नीचे उतारा और फिर उसकी गहन जांच की। हालांकि, जांच में विमान में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इसके बाद पुलिस धमकी देने वाले का पता लगाने में जुट गई है।
धमकी
विमान के शौचालय में मिला धमकी भरा पत्र
ANI की रिपोर्ट के अनुसार, कोलकाता हवाई अड्डे के निदेशक ने बताया कि इंडिगो की उड़ान संख्या 6E3074 के शौचालय में एक हस्तलिखित नोट मिला था, जिसमें दावा किया गया है कि विमान में बम है। इसके बाद सुबह 9:15 बजे विमान को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और सभी यात्रियों को तुरंत विमान से उतार दिया गया। यात्रियों को उतारने के बाद विमान की गहन जांच की गई, लेकिन उसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
बयान
NSCB निदेशक ने क्या दिया बयान?
राष्ट्रीय सुरक्षा और परिवहन ब्यूरो (NSCB) के निदेशक ने कहा, "कोलकाता हवाई अड्डे से सुबह 9:15 बजे रवाना होने वाली इंडिगो की उड़ान 6E3074 में बम की धमकी मिली थी। विमान को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। बोर्डिंग के दौरान, चालक दल के सदस्यों को विमान के शौचालय में एक कागज का टुकड़ा मिला, जिस पर लिखा था कि विमान के अंदर बम है। उसके बाद यात्रियों को विमान से बाहर निकाल दिया गया। जांच प्रक्रिया जारी है।"