बोइंग 737 मैक्स विमानों में ऑटोपायलट खराब, एयर इंडिया और अकासा के 97 विमानों पर असर
क्या है खबर?
अमेरिकी विमानन निर्माण कंपनी बोइंग ने अपने कुछ 737 मैक्स विमानों में ऑटोपायलट की खराबी की पहचान की है, जिसका असर भारत में दिखने की संभावना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर के पास करीब 97 बोइंग 737 मैक्स विमान है। ऐसे में आगे इनका संचालन रोका जा सकता है। एयर इंडिया एक्सप्रेस के पास 53 और अकासा एयर के पास बोइग 737 मैक्स के 43 विमान हैं।
विमान
बोइंग ने क्या कहा?
रॉयटर्स को बोइंग के प्रवक्ता ने कहा कि उसने पिछले महीने सभी 737 ऑपरेटरों को इस मामले में सूचित किया था और वह इस गड़बड़ी को स्थायी रूप से ठीक करने के लिए एक सॉफ्टवेयर अपडेट पर काम कर रहा है।
प्रवक्ता ने कहा, "सॉफ्टवेयर के कारण लैंडिंग के दौरान पायलटों को स्वचालन में कमी का सामना करना पड़ सकता है। हमने ऐसे मामलों को सुरक्षित रूप से संभालने के लिए मौजूदा पायलट प्रक्रियाओं को और मजबूत कर रहे हैं।"
जानकारी
एयरलाइंस ने क्या कहा?
अकासा एयर ने कहा कि वह बोइंग के साथ समन्वय कर रही है और इस समस्या का उसके परिचालन की सुरक्षा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय की भी प्रतिक्रिया नहीं आई है।
गड़बड़ी
कितनी बड़ी है यह समस्या?
वॉल स्ट्रीट जर्नल ने बोइंग के दस्तावेजों से बताया कि यह समस्या कॉकपिट सॉफ्टवेयर अपडेट के कारण उत्पन्न हुई और ऐसा तब हो सकता है जब उड़ान दल असफल लैंडिंग के बाद अपने नियोजित उड़ान मार्ग में बदलाव करते हैं।
समस्या का मतलब यह नहीं कि विमान को मैन्युअल रूप से नहीं उड़ाया जा सकता। बोइंग ने ऑपरेटरों को असफल लैंडिंग के बाद सिस्टम रीसेट करने की सलाह दी है।
कंपनी स्थायी सॉफ्टवेयर अपडेट पर भी काम कर रही है।