Page Loader
गुजरातः भाजपा विधायक ने महिला को मारी लात, वीडियो हुआ वायरल

गुजरातः भाजपा विधायक ने महिला को मारी लात, वीडियो हुआ वायरल

Jun 03, 2019
02:06 pm

क्या है खबर?

अमदाबाद के नरोदा के भाजपा विधायक बलराम थवानी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें थवानी एक महिला को लात मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। महिला की पहचान NCP नेता नीतू तेजवानी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नीतू पानी की कमी की शिकायत लेकर विधायक के पास आई थी, जहां विधायक के समर्थकों न उनकी पिटाई की। यह घटना विधायक के ऑफिस के बाहर हुई।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिये वीडियो

सफाई

विधायक बोले- 'आत्मरक्षा' में किया ऐसा

वीडियो सामने आने के बाद विधायक ने कहा कि उन्होंने 'आत्मरक्षा' के लिए ऐसा किया था और अनजाने में महिला को लात लग गई। विवाद बढ़ने पर विधायक ने कहा कि भीड़ ने उन्हें घेर लिया था, तभी किसी ने उन्हें पीछे से मुक्का मारा। इसके बाद वहां भगदड़ जैसी स्थिति हो गई और हर कोई ऑफिस की तरफ भागने लगा। उन्होंने कहा कि वो खुद को बचाने के लिए भागे और इसी दौरान महिला को लात लग गई होगी।

आरोप

पीड़ित महिला ने लगाया पिटाई का आरोप

NCP नेता नीतू ने समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा, "मैं स्थानीय मुद्दे को लेकर भाजपा विधायक के पास गई थी, लेकिन उन्होंने मेरी बात सुनने से पहले ही मुझे थप्पड़ मार दिया। जब मैं नीचे गिरी तो उन्होंने लातों से मारना शुरू कर दिया।" उन्होंने कहा, "उनके लोगों ने मेरे पति की भी पिटाई की है। मैं मोदी जी से पूछती हूं कि भाजपा राज में महिलाएं कैसे सुरक्षित हैं।"

माफी

विवाद बढ़ने पर विधायक ने मांगी माफी

विवाद बढ़ने पर विधायक थवानी ने माफी मांगी है। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "मैं भावनाओं में बह गया था। मैं अपनी गलती स्वीकार करता हूं। यह जानबूझकर नहीं हुआ था। मैं 22 सालों से राजनीति में हूं और पहले ऐसा कभी नहीं हुआ है। मैं उनसे (NCP नेता नीतू) से माफी मांग लूंगा।" सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग गुजरात के मुख्यमंत्री से विधायक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।