Page Loader
पश्चिम बंगाल: उपचुनावों के दौरान भाजपा उम्मीदवार की लात-घूसों से पिटाई, वीडियो वायरल

पश्चिम बंगाल: उपचुनावों के दौरान भाजपा उम्मीदवार की लात-घूसों से पिटाई, वीडियो वायरल

Nov 25, 2019
06:13 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल में तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के दौरान छिटपुट हिंसा की खबरें सामने आई हैं। इसमें सबसे प्रमुख नादिया जिले से जुड़ी हैं, जहां भीड़ ने एक भाजपा प्रत्याशी की पिटाई कर दी। लोगों ने लातों से मारकर करीमपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी जय प्रकाश मजूमदार को झाड़ियों में धकेल दिया। भाजपा ने मजूमदार पर हमला करने वाले लोगों को तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता बताया है। आइये, इस बारे में विस्तार से जानते हैं।

बयान

मजूमदार बोले- बंगाल में लोकतंत्र की हत्या का साफ इशारा है यह घटना

बंगाल भाजपा के उप प्रमुख मजूमदार ने कि यह हमला बंगाल में लोकतंत्र की हत्या का साफ इशारा है। उन्होंने कहा, "मैं इससे हतोत्साहित होने वाला नहीं हूं। मैंने इसकी चुनाव आयोग में शिकायत की है।" बंगाल भाजपा के नेता मुकुल रॉय ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर इस मामले में दखलअंदाजी की मांग की है। उन्होंने लिखा कि 50 गुंडों ने भाजपा उम्मीदवार पर हमला किया है। उन्होंने SSP और SP को हटाने की भी मांग की है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिये मारपीट का वीडियो

जानकारी

तृणमूल ने किया पलटवार

तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार किया है। स्थानीय इकाई ने कहा कि मजूमदार चुनावी माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे। इसलिए उन पर हमला किया गया। चुनाव आयोग ने पूरे मामले में रिपोर्ट मांगी है।

उपचुनाव

इन तीन सीटों पर हुए उपचुनाव

सोमवार को करीमगंज, खड़गपुर और कालियागंज विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए हैं। इनमें से करीमगंज पर तृणमूल, खड़गपुर पर भाजपा और कालियागंज पर कांग्रेस का कब्जा है। कालियागंज सीट यहां से मौजूदा विधायक की मौत के बाद खाली हुई है। वहीं बाकी दो सीटें यहां से विधायक मोहुआ मोइत्रा (तृणमूल कांग्रेस) और दिलीप घोष (भाजपा) के लोकसभा सांसद बनने के बाद खाली हुई हैं। कांग्रेस और लेफ्ट मिलकर उपचुनाव मेंं उतरी है।

विधानसभा उपचुनाव

लोकसभा चुनावों के छह महीने बाद हो रहे विधानसभा उपचुनाव

राज्य में सोमवार को तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए हैं। यह चुनाव लोकसभा चुनावों के लगभग छह महीनों बाद हुुए हैं। लोकसभा चुनावों में भाजपा ने राज्य में शानदार प्रदर्शन करते हुए 18 सीटें जीती थीं। पिछली लोकसभा में भाजपा के बंगाल के केवल दो सांसद थे। भाजपा ने इस बार तृणमूल कांग्रेस को कड़ी टक्कर दी और उसे महज 22 सीटों पर रोक दिया। गौरतलब है कि राज्य में कुल 42 लोकसभा सीटें हैं।