बिहार में नोएडा-गुरुग्राम की तर्ज पर 11 हाई-टेक सिटी, आपकी जमीन भी रहेगी सुरक्षित
बिहार ने हाल ही में 11 नई हाई-टेक सैटेलाइट सिटी बनाने की घोषणा की है। ये शहर नोएडा और गुरुग्राम के मॉडल पर तैयार किए जाएंगे। हर शहर 800 से 1,200 एकड़ के बड़े इलाके में फैला होगा।
इनमें आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इन जगहों पर व्यवस्थित विकास हो सके, इसके लिए सरकार ने मास्टर प्लान तैयार होने तक जमीन की बिक्री और निर्माण पर रोक लगा दी है।
बिहार ने अपनाया लैंड पूलिंग मॉडल
राज्य सरकार जबरन जमीन अधिग्रहण के बजाय 'लैंड पूलिंग' मॉडल का इस्तेमाल करेगी। इस तरीके से मौजूदा जमीन मालिकों को प्रोजेक्ट में शामिल किया जाएगा और उन्हें उनकी जमीन से बेदखल नहीं किया जाएगा।
मुख्य सचिव विनय कुमार का कहना है कि यह कदम शहरों के व्यवस्थित विकास और अवैध निर्माणों पर रोक लगाने के लिए बहुत जरूरी है। यह योजना दो चरणों में लागू होगी। इसका लक्ष्य 2027 के मध्य तक पूरे राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाना, निवेश लाना और शहरी जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।