Page Loader
बिहार: बाढ़ में तीन दिन से फंसे थे उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, परिवार सहित सुरक्षित निकाला गया

बिहार: बाढ़ में तीन दिन से फंसे थे उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, परिवार सहित सुरक्षित निकाला गया

Sep 30, 2019
04:08 pm

क्या है खबर?

बिहार के पटना में आई बाढ़ में तीन दिन से फंसे उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और उनके परिवार को सोमवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राज्य में भारतीय जनता पार्टी के सबसे बड़े नेता सुशील मोदी अपने परिवार के साथ राजेंद्र नगर स्थित अपने घर में फंस गए थे और बाहर नहीं निकल पा रहे थे। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। इस बीच उन्होंने मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया।

ट्विटर पोस्ट

तीन दिन बाद बाढ़ से निकाले गए सुशील मोदी

बिहार बाढ़

बाढ़ से 23 लोगों की मौत

बता दें कि बिहार के कई इलाकों में शुक्रवार से हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ आई हुई है। बाढ़ के प्रकोप से अब तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य की राजधानी पटना भी इस बाढ़ से अछूती नहीं है और यहां जिला प्रशासन ने एक अक्टूबर तक सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। कॉलेज भी बंद किए गए हैं। वहीं बाढ़ का यातायात पर भी बुरा असर पड़ा है।

जानकारी

रद्द हुईं 13 ट्रेनें

रास्ते में पानी भरने के कारण बिहार से आने-जाने वाली कम से कम 13 ट्रेनों को रद्द किया गया है। वहीं कई ट्रेनों का रास्ता भी बदला गया है। सड़कों पर पानी भरने के कारण बसों और कारों के ट्रैफिक पर भी असर पड़ा है।

मौसम विभाग

मंगलवार को भी भारी बारिश की चेतावनी

बाढ़ के कारण पटना के कई घरों में पानी घुस गया है और जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त है। शहर के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शनिवार को बारिश का पानी घुस गया, जिससे मरीजों परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी भारी बारिश की भविष्यवाणी की है, इससे स्थितियां और खराब हो सकती हैं। केंद्र सरकार ने पटना में बचाव और राहत कार्य के लिए बिहार को वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर दिए हैं।

अलर्ट

बिहार के 15 जिलों में रेड अलर्ट

बिहार में गंगा-गंडक जैसी प्रमुख नदियों का जलस्तर खतरे के निशान की तरफ बढ़ रहा है। राज्य के 15 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को आला अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात जाने और आपदा प्रबंधन विभाग को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। जलभराव से प्रभावित इलाकों में NDRF की 18 टीमें तैनात की गई हैं, जो लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही है।

उत्तर प्रदेश बाढ़

उत्तर प्रदेश में भी बाढ़ का प्रकोप, 73 लोगों की मौत

बता दें कि बिहार का पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश भी भारी बारिश के कारण बाढ़ की समस्या से जूझ रहा है और पिछले चार दिनों में बाढ़ से कम 73 लोगों की मौत हो चुकी है। पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में सामान्य से 1700 प्रतिशत बारिश हो हुई है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है। शुक्रवार को राज्य में 44 और शनिवार को 26 लोगों की मौत हुई।