बिहार के औरंगाबाद में बच्चों से भरी वैन 15 फीट नीचे नहर में गिरी, कई घायल
क्या है खबर?
बिहार के औरंगाबाद में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। स्कूली बच्चों से भरी वैन 15 फीट नीचे नहर में गिर गई, जिसमें 13 बच्चे घायल हुए हैं। हादसा अंबा-नवीनगर मुख्य मार्ग पर तामसी मोड़ के पास हुआ। हादसे में घायल 3 बच्चों की हालत गंभीर है। उनको औरंगाबाद सदन अस्पताल भेजा गया है। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल वैन सेंट जेवियर स्कूल की बताई जा रही है। हादसे के बाद चालक फरार है।
घटना
गाड़ी की टक्कर से गिरी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेंट जेवियर स्कूल की वैन बुधवार सुबह महुआधाम, मिर्जापुर, कुटुंबा, लखना समेत आसपास के गांवों से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। दैनिक जागरण के मुताबिक, वैन तामसी मोड़ के पास पहुंची थी, तभी कुटुंबा प्रखंड के ही किसी पंचायत के पूर्व पैक्स अध्यक्ष के गाड़ी से टकरा गई और नीचे गिर गई। हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बच्चों को अस्पताल पहुंचाया।
जांच
नहर सूखी होने से बड़ा हादसा टला, खटारा थी वैन
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नहर में पानी न होने से वैन नीचे गिरकर जमीन पर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। अगर पानी होता तो वैन में पानी भरने की संभावना थी। वैन खटारा हालत में थी और उसमें क्षमता से अधिक बच्चों को ठूंस-ठूंस कर बैठाया गया था। सड़क किनारे रेलिंग न होने से वैन नीचे लुढ़क गई। बच्चों का कहना है कि वैन तेज गति में चल रही थी, जिससे वह अनियंत्रित हो गई।