भारत TEX को निर्यातक ने मेला बताया, कहा- बंदर नाच करा दीजिए तो और भीड़ आएगी
क्या है खबर?
दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे भारत TEX 2026 की व्यवस्था से बड़े निर्यातक नाराज नजर आ रहे हैं। यहां आने वाली भीड़ उनको खरीदार कम और मेले के दर्शक ज्यादा लग रही है। ऐसे ही निर्यातक शिशिर कपूर ने अपनी पीड़ा सोशल मीडिया पर बताई है। उन्होंने वीडियो में बताया कि सरकार ने इंडिया इंटरनेशनल गारमेंट फेयर (IIGF) को भारत TEX में मिला दिया है, जिससे फायदा कुछ नहीं, लेकिन एक्सपो में मेले जैसी स्थिति बन गई है।
पीड़ा
खुदरा काम करने वालों ने मेले जैसा माहौल बनाया
कपूर ने वीडियो में कहा, "आज भारत TEX का दूसरा दिन है और ये एक्सक्लूसिव फेयर जो निर्यातकों का होता था, IIGF नाम से उसे भारत TEX में मिला दिया है। अब इसकी वजह से खुदरा काम करने वाले लोगों ने यहां मेले जैसा माहौल बना दिया है। निर्यातक के बूथ पर कोई भी आ रहा है और 1-2 सामान मांग रहा है और न देने पर नाराज हो रहा है। कुछ तो बूथ पर मीटिंग करने आ रहे हैं।"
परेशानी
निर्यातकों को सड़क पर खड़ा कर दिया
कपूर ने आगे कहा, "करोड़ों रुपये बर्बाद कर दिया करदाताओं का, लेकिन नतीजा क्या है। ये कोई मेला लगाया था क्या, क्या सोच कर भारत TEX किया गया था। सिर्फ फुटफॉल, तो फुटफॉल के लिए कनॉट प्लेस में हमारी दुकान लगवा दीजिए। वहां तो फुटफॉल तो लाखों बढ़ जाएगा। आपने निर्यातकों को सड़क पर खड़ा कर दिया। हॉल के अंदर का नाम है। जरा सोचो कि आपने किस तरह पैसा बर्बाद किया है।"
बयान
खरीदने नहीं, देखने वालों की भीड़ महंगे होटल में ठहराई गई
उन्होंने आगे कहा कि होटल मैरेडियन और इंपीरियल में रुके खरीदारों के पास कुछ भी खरीदने की ताकत नहीं है, लेकिन उनको भीड़ के लिए बुला लिया गया है, जबकि होटल में एक दिन का किराया 80,000 रुपये है।
कपूर ने सवाल किया कि क्या करदाताओं का पैसा बर्बाद करना और भीड़ बढ़ाना मुद्दा रह गया है, अगर यही है तो बंदर का नाच कराने से और भीड़ आएगी।
उन्होंने सभी निर्यातकों से भारत TEX बॉयकॉट की अपील की है।
ट्विटर पोस्ट
भारत TEX पर नाराजगी जताते शिशिर कपूर
शिशिर कपूर बिजनेसमैन हैं।
— Govind Pratap Singh | GPS (@govindprataps12) July 16, 2026
वो भारत मंडपम में लगे Bharat Tex 2026 की असलियत बता रहे हैं 👇🏼
उनका कहना है कि सरकार इस इवेंट के नाम पर जनता के टैक्स का पैसा फूंक रही है।
सुनिए- बातें बहुत गंभीर हैं 👇🏼 pic.twitter.com/D6FdQ1kFX0
एक्सपो
14 से 17 जुलाई तक चल रहा है भारत TEX
भारत मंडपम में भारत TEX का उद्घाटन केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने किया है। यह 14 से 17 जुलाई तक चलेगा, जिसमें दावा किया जा रहा है कि 130 देशों के खरीदार यहां पहुंचे हैं।
बताया जा रहा है कि पहली बार निर्यात करने वाली कंपनियां यूरोप के प्रमुख खरीदारों से जुड़ सकेंगे।
यहां 6,000 से ज्यादा वैश्विक खरीदार, 1.3 लाख से अधिक व्यापारिक आगंतुक और 20,000 से अधिक टेक्सटाइल उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है।