भगवंत मान ने लॉन्च की 'पंजाब दा करोड़पति' क्विज प्रतियोगिता, विजेता को मिलेंगे 1 करोड़ रुपये
क्या है खबर?
पंजाब सरकार ने राज्य के युवाओं को सरकारी नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 'पंजाब दा करोड़पति' नाम से एक भव्य क्विज प्रतियोगिता लॉन्च की है, जिसमें कुल 10,000 युवाओं को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए इच्छुक युवा सरकार के आधिकारिक पोर्टल punjabdacrorepati.punjab.gov.in पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
प्रतियोगिता
प्रतियोगिता की मुख्य बातें
पंजाब सरकार ने इस प्रतियोगिता का नाम 'कौन बनेगा करोड़पति' की तर्ज पर 'पंजाब दा करोड़पति' रखा है। इसमें भाग लेने के लिए आवेदक की उम्र 15 से 30 वर्ष के बीच होना जरूरी है।
प्रतियाेगिता में विजेता को 1 करोड़ रुपये और 4 रनर-अप को 10-10 लाख रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे।
इसी तरह प्रतियोगिता में कुल 10,000 युवाओं को अलग-अलग इनाम दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में 11 राउंड (9 ऑनलाइन, 2 ऑफलाइन) होंगे।
प्रारूप
कैसे होंगे 11 राउंड और क्या होगा प्रारूप?
प्रतियोगिता के शुरुआती 9 राउंड पूरी तरह ऑनलाइन होंगे। इनमें प्रतिभागियों से 4 विकल्पों वाले बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे और सही जवाब देने वाले युवा अगले राउंड में प्रवेश करेंगे।
इसके बाद प्रतियोगिता का 10वां राउंड पंजाब के सभी 23 जिलों में ऑफलाइन (आमने-सामने) आयोजित किया जाएगा।
इसी तरह प्रत्येक जिले के टॉपर्स 11वें यानी फाइनल राउंड में पहुंचेंगे, जहां अंतिम मुकाबले के बाद 1 करोड़ के मुख्य विजेता का फैसला होगा।
उद्देश्य
सरकारी भर्तियों पर आधारित होगा सवालों का प्रारूप
इस प्रतियोगिता के लिए विशेष रूप से 50,000 प्रश्नों का एक प्रश्न बैंक तैयार किया गया है। इसमें पंजाब के इतिहास, संस्कृति, भूगोल, गणित और सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल शामिल हैं।
युवाओं की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को मजबूत करने के लिए इसमें पंजाब राज्य सिविल सेवा (PCS), पुलिस कांस्टेबल और पटवारी जैसी सरकारी भर्तियों में पूछे जाने वाले प्रारूप के प्रश्नों को भी जोड़ा गया है।
इसका छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा।