LOADING...
बेंगलुरु: पुलिस ने कैपजेमिनी डेकेयर सेंटर में बच्चों से दुर्व्यवहार मामले में की पहली गिरफ्तारी
कैपजेमिनी डेकेयर सेंटर में बच्चों से दुर्व्यवहार मामले में हुई पहली गिरफ्तारी

बेंगलुरु: पुलिस ने कैपजेमिनी डेकेयर सेंटर में बच्चों से दुर्व्यवहार मामले में की पहली गिरफ्तारी

Jul 03, 2026
11:44 am

क्या है खबर?

बेंगलुरु पुलिस ने शहर के एक कॉर्पोरेट परिसर कैपजेमिनी के भीतर स्थित डेकेयर सेंटर में छोटे बच्चों के साथ दुर्व्यवहार के मामले में कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि बाल अधिकार अधिकारियों की समानांतर जांच और सुरक्षा संबंधी चूक से मामला और भी पेचीदा हो गया है। महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कार्रवाई

पुलिस ने वीडियो में दिखी महिला को दबोचा

बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त सीमंत कुमार सिंह ने कहा, "हमने डेकेयर सेंटर में एक शिशु को प्रताड़ित करने के आरोप में विजयलक्ष्मी नामक महिला को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यही महिला नजर आ रही थी। उसे FIR में आरोपी संख्या 2 के रूप में नामित किया गया है।" उन्होंने बताया कि आरोपी महिला को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस आगे की पूछताछ के लिए उसकी रिमांड अवधि की मांग करेगी।

नोटिस

पुलिस ने पूछताछ के लिए 3 अन्य लोगों को भेजा नोटिस

अधिकारियों ने कहा कि 3 अन्य लोगों को पुलिस के सामने पेश होने के लिए नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन वो उपस्थित नहीं हुए। यह मामला तब सामने आया जब वॉट्सऐप पर कुछ ऐसे वीडियो वायरल हुए, जिनमें दिखाया गया कि कैपजेमिनी के बेंगलुरु परिसर में संचालित डेकेयर सेंटर के अंदर 2 साल से भी कम उम्र के बच्चों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। उसके बाद डेकेयर सेंटर को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया।

Advertisement

वीडियो

वीडियो में क्या दिखाया गया?

यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया, उसमें बच्चों को फ्रंट-लोडिंग वॉशिंग मशीन में जबरदस्ती डाला जा रहा था, उनके मुंह में जेट स्प्रे से पानी छिड़का जा रहा था। रोने पर सजा के तौर पर उन्हें बाथरूम के अंदर बंद किया जा रहा था। इस घटना के बाद हुए आक्रोश के चलते पुलिस ने उस सुविधा केंद्र से जुड़ी 5 महिलाओं के खिलाफ FIR दर्ज की और वीडियो में दिखी घटनाओं के सत्यापन के लिए गहज जांच शुरू की।

Advertisement

बयान

कंपनी ने क्या दिया बयान?

इस मामले में कंपनी ने कहा, "कैपजेमिनी की सर्वोपरि प्राथमिकता अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों का स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण है। हम संबंधित अधिकारियों के साथ पूर्ण सहयोग कर रहे हैं और तथ्यों का पता लगाने में सहायता कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर हम बेंगलुरु स्थित अपने डेकेयर सेंटर को अस्थायी रूप से बंद कर रहे हैं।" एक याचिका में हस्तक्षेप की मांग किए जाने के बाद यह मामला कर्नाटक राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग तक पहुंच गया।

Advertisement