बेंगलुरु में कॉलेज के छात्रों ने नकली बंदूक दिखाकर सहपाठी का अपहरण किया, फिरौती मांगी
क्या है खबर?
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक कॉलेज के कुछ छात्रों ने अपने एक सहपाठी का अपहरण कर लिया और उससे 50,000 रुपये की फिरौती मांगी। घटना शनिवार को घटी, जिसकी जानकारी पुलिस को होने के बाद उन्होंने अगवा छात्र को सकुशल बरामद कर लिया है और अपहरण को अंजाम देने वाले 4 छात्रों को गिरफ्तार किया है। छात्रों ने अपहरण करने के लिए पीड़ित छात्र को नकली बंदूक से डराया था।
अपहरण
क्या है मामला?
जैन डीम्ड विश्वविद्यालय में मैनेजमेंट स्टडीज के प्रथम वर्ष के छात्र ऋषभ मोहंती का शनिवार शाम को उसी संस्थान के चार छात्रों आदित्य बोंस्ले उर्फ आदित्य रॉक्सी, शौर्य अग्रवाल, सैयद बिलाल और निकुंज ने अपहरण कर लिया। मोहंती ओडिशा के निवासी हैं और BTM लेआउट प्रथम चरण के छात्रावास में रहते हैं। आरोप है कि छात्रावास के सामने गिरोह ने मोहंती को जबरन टाटा टियागो कार में बैठाया और अपने साथ ले गए। उन्होंने उससे 50,000 रुपये की फिरौती मांगी।
जांच
पुलिस ने 4 घंटे में पता लगाया
इसके बाद मोहंती अपने जिन साथी छात्रों के साथ छात्रावास में मौजूद थे, उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने एक टीम गठित की और मोहंती के दोनों दोस्तों को अपहरणकर्ताओं के संपर्क में रहने को कहा। पुलिस ने बताया कि वे अपहरणकर्ताओं के फोन को ट्रैक कर रहे थे। उन्होंने मोहंती को जयनगर स्थित एक घर में बंधक बनाया था। पुलिस ने 4 घंटे में वहां पहुंच गई। उन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और मोहंती को सकुशल छुड़ाया।
अय्याशी
कई छात्रों को धमका चुके थे आरोपी छात्र
आरोपियों ने मोहंती के दोस्तों को फोन करके 50,000 रुपये मांगे थे। ऐसे में पुलिस ने अपहरणकर्ताओं का विश्वास जीतने के लिए उसके दोस्तों से कुछ रुपये अपहरणकर्ताओं को भिजवाया था। पुलिस का कहना है कि अपहरणकर्ताओं ने मोहंती पर उधार रुपये न लौटाने का आरोप लगाया है, जिसके लिए यह साजिश रची गई। हालांकि, पुलिस को मामले में कोई सबूत नहीं मिला। पुलिस ने नकली हथियार भी बरामद किए हैं। आरोपी कई अन्य छात्रों को धमकी दे चुके हैं।