LOADING...
बेंगलुरु के सरकारी स्कूल में उत्पीड़न से तंग आकर कक्षा 8 की छात्रा ने जान दी
बेंगलुरु के सरकारी स्कूल में उत्पीड़न से तंग आकर कक्षा 8 की छात्रा ने जान दी

बेंगलुरु के सरकारी स्कूल में उत्पीड़न से तंग आकर कक्षा 8 की छात्रा ने जान दी

लेखन गजेंद्र
Jul 10, 2026
12:40 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक सरकारी स्कूल में कक्षा 8 की छात्रा ने अपनी जान दे दी। वह स्कूल में किए जा रहे उत्पीड़न से परेशान थी। घटना अनेकल तालुक के मरासुरु मदिवाला गांव की है। छात्रा की पहचान मधुश्री के रूप में हुई है, जो मरासुरु सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय की छात्रा थी। पुलिस ने बताया कि छात्रा ने बुधवार रात को फांसी लगाकर आत्महत्या की थी, लेकिन परिवार को गुरुवार सुबह इसकी जानकारी हुई।

आत्महत्या

छात्रा के पास से मिला सुसाइड नोट 

छात्रा मधुश्री अपने दादा-दादी, मां, 2 बहनों और एक भाई के साथ रहती थी। उसकी मां बीमार होने की वजह से अपने मायके गई थी। तभी छात्रा ने रात में कमरे में आत्महत्या की। तब उसके दादा-दादी, बहनें और भाई हॉल में सो रहे थे। पुलिस ने बताया कि मधुश्री के पास से एक हस्तलिखित सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपने शिक्षक पर उत्पीड़न और उसे अपमानित करने का आरोप लगाया है।

जांच

सुसाइड नोट में क्या लिखा है?

छात्रा ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि स्कूल में होमवर्क पूरा करके न लाने पर 20 रुपये का जुर्माना लगाया था और उसको स्कूल से निकालने की धमकी मिल रही थी। उस पर 10 रुपये चोरी का भी आरोप था। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, मधुश्री के सहपाठियों ने एक शिक्षक का उपनाम रखा था, जिसके बारे में प्रधानाध्यापक 3 दिन से उससे पूछताछ कर रही थी। सहपाठियों ने मधुश्री उपनाम का जिम्मेदार बताया था, जिससे छात्रा परेशान थी।

Advertisement

जानकारी

आत्महत्या के विचार पर यहां से लें सहायता

अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं और आत्महत्या करने के विचार आ रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।

Advertisement