बेल्जियम के प्रधानमंत्री वेवर 3 दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचे, प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात
क्या है खबर?
बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ड डी वेवर गुरुवार को अपनी 3 दिवसीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे हैं। उन्होंने पिछले साल फरवरी में पदभार संभाला है, जिसके बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। गुुरुवार को दिल्ली पहुंचने पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे राजघाट पहुंचे, जहां महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वेवर का हैदराबाद हाउस में स्वागत किया। यहीं दोनों के बीच मुलाकात हुई।
दौरा
वेवर के साथ व्यापारी नेताओं का प्रतिनिधिमंडल भी पहुंचा
विदेश मंत्रालय ने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को हैदराबाद हाउस में बेल्जियम के प्रधानमंत्री वेवर का गर्मजोशी से स्वागत किया।
दोनों नेता भारत-बेल्जियम साझेदारी को और मजबूत करने के मकसद से बातचीत करने वाले हैं।
वेवर के साथ बेल्जियम के रक्षा और विदेश व्यापार मंत्री थियो फ्रैंकन और अधिकारियों और व्यापारिक नेताओं का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी साथ आया है, जिसमें बेल्जियम के रक्षा उद्योग के प्रतिनिधि भी शामिल हैं।
दौरा
मुंबई भी जाएंगे वेवर
वेवर दिल्ली में अपना कार्यक्रम समाप्त करने के बाद मुंबई की यात्रा करेंगे, जहां वे हीरा, बंदरगाह और लॉजिस्टिक्स क्षेत्रों सहित विभिन्न हितधारकों के साथ बातचीत करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने बताया, "यह दौरा भारत-बेल्जियम साझेदारी को मजबूत करने, व्यापार-निवेश, रक्षा-सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, कनेक्टिविटी और जन-जन संबंधों सहित पारस्परिक हित के क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगा। साथ ही, भारत-यूरोपीय संघ और भारत-यूरोप के बीच संबंधों को और गहरा करने में भी सहायक होगा।"
दौरा
2 दशक में किसी बेल्जियम प्रधानमंत्री का पहला दौरा
बेल्जियम उन पहले यूरोपीय देशों में था, जिसने सितंबर 1947 में स्वतंत्र भारत के साथ राजनयिक संबंध स्थापित किए थे।
भारत-बेल्जियम के बीच मजबूत द्विपक्षीय संबंध साझा मूल्यों पर आधारित हैं, जिनमें कानून के शासन, संघवाद और बहुलवाद के प्रति प्रतिबद्धता शामिल है।
बेल्जियम संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में स्थायी सदस्यता के लिए भारत के प्रयास का भी समर्थन करता है।
पिछले 2 दशक में यह पहला मौका है, जब बेल्जियम का कोई प्रधानमंत्री भारत दौरे पर है।