अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट ने निकाली CEO की भर्ती, ये मांगी योग्यता
क्या है खबर?
अयोध्या के राम मंदिर में चंदा चोरी विवाद के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CE0) की खोज शुरू कर दी है। ट्रस्ट ने सोमवार को योग्य उम्मीदवारों से CEO पद के लिए शनिवार 18 जुलाई को शाम 4 बजे तक आवेदन मांगे हैं। इस पद पर नियुक्ति 3 वर्ष के लिए मान्य होगी। ट्रस्ट की ओर से इस संबंध में योग्यता और न्यूनतम अर्हता का विवरण जारी किया गया है।
भर्ती
जानिए कितना मिलेगा वेतन?
ट्रस्ट ने एक्स पर भर्ती सूचना देते हुए लिखा, 'ट्रस्ट श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद के लिए योग्य जनों से आवेदन आमंत्रित करता है आवेदन की अंतिम तिथि शनिवार 18 जुलाई 2026 को शाम 4 बजे तक है।'
इसमें आगे बताया गया है कि सेवा अनुबंध की अवधि 3 वर्ष के लिए होगी, जो संतोषप्रद प्रदर्शन के आधार पर बढ़ाई जा सकती है।
वेतन और सुविधाओं को साक्षात्कार के दौरान परस्पर बातचीत के बाद तय किया जाएगा।
योग्यता
50 से 70 साल होनी चाहिए आयु, स्नातक होना जरूरी
इस पद के लिए ट्रस्ट ने अकादमी योग्यता न्यूनतम स्नातक मांगी है। साथ ही आयु सीमा 50 से 70 वर्ष के मध्य मांगा है।
अगर कार्य अनुभव की बात करें तो आवेदन करने वाले उम्मीदवार को विशाल सार्वजनिक संगठन, संस्था, विभाग, कंपनी के प्रबंधकीय दायित्व में कार्य करने का न्यूनतम 20 वर्षों का अनुभव होना चाहिए।
साथ ही, यह अनुभव बहु-आयामी (सामान्य प्रशासन, वित्त, लेखा, कार्मिक, जनसंपर्क, IT, सुरक्षा, विधि इत्यादि) समन्वय और मार्गदर्शन का हो।
वरीयता
हिंदू होना अनिवार्य, हिंदी-अंग्रेजी का ज्ञान जरूरी
ट्रस्ट ने बताया कि अगर आवेदनकर्ता के पास मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, मंदिर या फिर हिंदू धार्मिक संस्था के प्रबंधन का अनुभव हो, तो उसे वरीयता दी जाएगी।
इस प्रकार के अनुभव, कौशल और क्षमता वाले सेवानिवृत अधिकारी भी आवेदन कर सकते हैं।
आवेदनकर्ता का सक्रिय हिंदू होना अनिवार्य है और श्रीरामभक्त वैष्णव होना वांछनीय है।
उसे हिंदी और अंग्रेजी का ज्ञान होना चाहिए। आवेदन को searchcommittee.srjbt@gmail.com पर ईमेल से भेजें जा सकते हैं।
दायित्व
महासचिव के प्रति होंगे जवाबदेह
ट्रस्ट ने जारी विज्ञापन में बताया है कि CEO महासचिव के प्रति जवाबदेह होगा। हालांकि, यह काम वही है, जो पहले महासचिव संभालते थे।
CEO के पास संस्था के सभी वैधानिक, प्रशासनिक, वित्तीय कार्यों का निष्पादन, कार्य प्रणाली और पद्धतियां विकसित करना, अधिकारियों-सेवकों और कर्मचारियों को संभालना, वर्तमान गतिविधियों और भावी विकास के कुशल संचालन की जिम्मेदारी होगी।
साथ ही, श्रद्धालुओं की पूजा, सुरक्षा, अतिथियों की व्यवस्था समेत अन्य कार्यों को ठीक तरह से लागू करना होगा।
ट्विटर पोस्ट
अयोध्या के राम मंदिर का विज्ञापन
श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र (न्यास) श्री राम जन्मभूमि मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पद के लिए योग्य जनों से आवेदन आमंत्रित करता है
— Shri Ram Janmbhoomi Teerth Kshetra (@ShriRamTeerth) July 13, 2026
आवेदन की अंतिम तिथि: शनिवार १८ जुलाई २०२६; सायं ४ बजे
Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra (Trust) invites applications from eligible… pic.twitter.com/PHa0MbT5kY