राम मंदिर ट्रस्ट ने चंपत राय का इस्तीफा स्वीकारा, अब VHP के बजरंग बागड़ा होंगे महासचिव
क्या है खबर?
अयोध्या में राम मंदिर चंदा चोरी का मामला सामने आने के बाद सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बैठक कर बड़ा फैसला लिया है। ट्रस्ट ने महासचिव चंपत राय का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। उनकी जगह अब बजरंग लाल बागड़ा को नया महासचिव बनाया गया है। चंदा चोरी का मामला सामने आने के बाद राय और ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, उसे सोमवार को स्वीकारा गया है।
इस्तीफा
कौन है बजरंग बागड़ा?
बजरंग बागड़ा राजस्थान के सीकर के निवासी हैं और पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। बागड़ा अभी विश्व हिंदू परिषद (VHP) के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री हैं और भारत सरकार के खान मंत्रालय के अधीन आने वाले नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम राष्ट्रीय एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (NALCO) के चेयरमैन सह प्रबंध निदेशक (CMD) रह चुके हैं। बाद में उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली और VHP में सक्रिय हो गए। उनको फरवरी 2024 में अयोध्या में VHP की बैठक में अंतरराष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया था।
बैठक
बैठक में क्या हुआ?
ट्रस्ट की बैठक में राय और अनिल मिश्रा शामिल नहीं हुए। उनके इस्तीफे का प्रस्ताव स्वामी गोविंद गिरी महाराज ने रखा, जिस पर बहुमत से फैसला हुआ। उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल हुए थे। संजय ट्रस्ट के पदेन सदस्य हैं। बताया जा रहा है कि ट्रस्ट की बैठक में विशेष जांच दल (SIT) की रिपोर्ट पर भी चर्चा हुई है। SIT ने अपनी रिपोर्ट संजय प्रसाद को सौंपी थी।
बैठक
CEO बनाने पर भी चर्चा
बैठक में ट्रस्ट में व्यवस्था संभालने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति का भी प्रस्ताव दिया गया है, जिस पर अभी कोई फैसला नहीं लिया गया। महासचिव के पद पर बागड़ के अलावा बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज दौनेरिया और रिटायर्ड IFS अधिकारी कृष्णमोहन का नाम चर्चा में थे। दौनेरिया राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे हैं, जबकि कृष्णमोहन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के पूर्वी यूपी के संघ संचालक हैं।