राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के सहयोगी टिन्नू के घर से सोना बरामद- रिपोर्ट
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश में आयोध्या का राम मंदिर चंदे की चोरी की वजह से चर्चा में है। खबर आ रही है कि श्रीराम जन्मभूमि तीरथ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय के सहयोगी और ट्रस्ट कर्मचारी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर से भारी मात्रा में सोना बरामद हुआ है, जिसे जांच टीम ने जब्त कर लिया है। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, जांच टीम शनिवार को टिन्नू के घर तलाशी लेने पहुंची थी। हालांकि, कोई बोलने को तैयार नहीं है।
जांच
मंदिर निर्माण प्रभारी के भतीजे पर भी जांच की आंच
रिपोर्ट के मुताबिक, जांच टीम ने गोपनीय रूप से यह कार्रवाई की थी। उसने कितना सोना बरामद किया है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, इसकी कीमत करोड़ों बताई जा रही है। जांच टीम मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव के भतीजे सोमेश आनंद की भी जांच हो सकती है। उन्होंने एक साल में 50 से अधिक यात्राएं की हैं और बोरे से लगेज को अयोध्या से ट्रेन में ले जाते और खाली हाथ फ्लाइट से लौटते देखा गया है।
जांच
गोपाल ने 2023 में सोमेश की मंदिर में लगाई थी नौकरी
जांच टीम को शक है कि रेलवे में जांच न होने की वजह से सोमेश काफी पैसा और सामान लेकर जाते थे और खाली हाथ प्लेन से लौटते थे। उनको 2023 में गोपाल ने मंदिर में नौकरी पर लगवाया था। गोपाल कर्नाटक के निवासी हैं। इसके अलावा जांच टीम ने मंदिर में सोना-चांदी दान संभालने वाले कर्मचारी केडी तिवारी के घर भी छापा मारा है और पूछताछ की है। हालांकि, उनके यहां छापे की अधिक जानकारी नहीं।
संपत्ति
मंदिर में काम करके बना रहे संपत्ति?
रिपोर्ट के मुताबिक, टिन्नू की अयोध्या-लखनऊ में 50 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां हैं। टिन्नू 1992 में अयोध्या में ऑटो चलाते थे और चंपत राय के ड्राइवर थे। बाद में वे सहयोगी बन गए। उनका अयोध्या हवाई अड्डे के पास एक हास्टल है, जिसमें 70 कमरे है। उन्होंने 4 से 5 साल में कई प्लॉट खरीदे हैं और संपत्ति खड़ी की है। उनके पास 6 रेस्तरां में पार्टरनशिप है। केडी तिवारी ने भी 1.5 करोड़ रुपये की जमीन खरीदी है।
शिकायत
पुलिस के पास 3 शिकायत, FIR दर्ज नहीं
रिपोर्ट के मुताबिक, राम मंदिर चंदा चोरी मामले में पुलिस के पास 3 शिकायत पहुंची है, लेकिन अभी तक किसी पर भी FIR दर्ज नहीं हुई है। पहली शिकायत धर्मसेना के संस्थापक संतोष दुबे, दूसरी शिकायत उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष शरद शुक्ला और तीसरी शिकायत करणी सेना ने की है। मामले की जांच विशेष जांच दल (SIT) कर रहा है, जिसमें 3 अधिकारी शामिल हैं। आरोपों के घेरे में कई कर्मचारी शामिल हैं।