हवाई यात्रा करने वालों को बड़ी राहत, अब विमानों में 60 प्रतिशत सीटें निशुल्क चुन सकेंगे
क्या है खबर?
केंद्र सरकार ने हवाई यात्रा करने वालों को बड़ी राहत दी है। उसने विमानों में अपनी पसंद की सीट चयन के लिए लगने वाले अतिरिक्त शुल्क को हटा दिया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सभी एयरलाइन संचालकों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि किसी भी उड़ान में कम से कम 60 प्रतिशत सीटें निशुल्क चयन के लिए आवंटित की जाएं। इसके बाद पसंद की सीटों पर अतिरिक्त शुल्क लगाया जा सकता है।
फैसला
एक साथ बुकिंग वाले यात्री एक साथ बैठेंगे
इसके साथ ही मंत्रालय ने एयरलाइंस को यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि एक ही PNR पर यात्रा करने वाले यात्रियों को एक साथ बैठाया जाए। इस फैसले से उन यात्रियों को राहत मिलेगी, जो अपने परिवार के साथ यात्रा करते हैं, लेकिन एक साथ सीट न मिलने पर वे दूर बैठाए जाते हैं। ऐसे में यात्रियों को अपने बगल में सीट सुरक्षित करने के लिए अतिरिक्त भुगतान करना पड़ता था।
फैसला
सामान, पालतू जानवर और सेवा को लेकर भी नियम तय
मंत्रालय ने कहा कि खेल उपकरण और संगीत वाद्ययंत्रों के परिवहन को पारदर्शी और यात्री-अनुकूल बनाया जाए। मंत्रालय ने एयरलाइंस से पालतू जानवरों को ले जाने के संबंध में स्पष्ट नीतियां प्रकाशित करने को कहा। इस मामले में कई बार यात्रियों को भ्रम पैदा होता है। यात्रियों को देरी, उड़ान रद्द होने और बोर्डिंग से इनकार किए जाने संबंधी मामलों में उनके अधिकार की जानकारी क्षेत्रीय भाषा में अपनी वेबसाइटों, मोबाइल एप्लिकेशन, बुकिंग प्लेटफॉर्म और एयरपोर्ट काउंटरों पर देनी होगी।