मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफिले पर अंडे-टमाटर फेंकने का प्रयास, हिरासत में लिए गए रवनीत बिट्टू
क्या है खबर?
पंजाब की राजनीति इस समस उबाल पर है। भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को शनिवार को लुधियाना में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई तब की गई जब बिट्टू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के काफिले पर कथित तौर पर टमाटर और अंडे फेंकने का प्रयास किया। यह घटना राज्य में जारी सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) और भाजपा के बीच चल रहे हिंसक राजनीतिक गतिरोध का अगला चरण मानी जा रही है।
प्रकरण
क्या है पूरा मामला?
इंडिया टुडे के अनुसार, मुख्यमंत्री मान लुधियाना स्थित पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (PAU) में आयोजित किसान मेले में जा रहे थे।
जैसे ही उनका काफिला PAU के मुख्य दरवाजे पर पहुंचने वाला था, तो बिट्टू और उनके समर्थकों ने अंडे और टमाटर फेंकने का प्रयास किया।
इस दौरान बिट्टू ने शराब की बोतल लहराते हुए कहा कि वह यह बोतल मान को लौटा रहे हैं। वह अपनी शराब का आनंद लें और अरविंद केजरीवाल को दिल्ली से पंजाब को लूटने दें।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें वीडियो
Ludhiana, Punjab: Former Union Minister of State Ravneet Bittu shows tomatoes, liquor bottles and eggs to Punjab Chief Minister Bhagwant Mann’s convoy pic.twitter.com/p3YArZzDAt
— IANS (@ians_india) September 19, 2026
कार्रवाई
पुलिस ने बिट्टू को हिरासत में लिया
बिट्टू औन उनके समर्थकों को काफिले के आगे शराब की बोतल, टमाटर और अंडे लहराते देखकर मौके पर मौजूद पुलिस बल सतर्क हो गया और उन्होंने समर्थकों को पीछे धकेल दिया।
इस दौरान पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए बिट्टू को तत्काल हिरासत में ले लिया।
बड़ी बात यह रही कि पुलिस ने काफिले पर अंडे और टमाटर फेंके जाने से पहले ही स्थिति को संभाल लिया, नहीं तो स्थिति और ज्यादा बिगड़ सकती थी।
बयान
बिट्टू ने मामले पर क्या दिया बयान?
विरोध प्रदर्शन के बाद बोलते हुए बिट्टू ने कहा, "कल मेरे काफिले पर अंडे और टमाटर फेंके गए। आज मैंने उन्हें वापस लौटा दिया है। अगर AAP कार्यकर्ता भाजपा नेताओं, रैलियों और यात्राओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने जा रहे हैं, तो भाजपा कार्यकर्ता भी पंजाब सरकार और उसके नेताओं के खिलाफ विरोध करने के अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करेंगे। हम चुप नहीं बैठेंगे।"
उन्होंने आगे कहा, "पुलिस कार्रवाई के जरिए राजनीतिक विरोध को चुप नहीं कराया जा सकता।"
पृष्ठभूमि
कल बिट्टू के काफिले पर हुआ था हमला
शुक्रवार को जब बिट्टू अमृतसर से पठानकोट में भाजपा की 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' में शामिल होने जा रहे थे, तब बटाला-गुरदासपुर हाईवे पर घसीतपुर गांव के पास उनके काफिले पर भीड़ ने हमला कर दिया था।
प्रदर्शनकारियों ने बिट्टू की गाड़ियों पर अंडे, टमाटर और पत्थर बरसाए थे, जिससे उनके सुरक्षा दस्ते के 2 वाहनों और जैमर वाहन के शीशे टूट गए थे।
बिट्टू ने उन्हें जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया था।
सवाल
राज्य की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर उठते सवाल
भाजपा नेतृत्व ने इस घटना को लेकर पंजाब की मान सरकार पर तीखा हमला बोला है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि जब केंद्र से सुरक्षा प्राप्त एक पूर्व केंद्रीय मंत्री ही पंजाब की सड़कों पर सुरक्षित नहीं हैं, तो वहां का आम आदमी खुद को कैसे सुरक्षित महसूस कर सकता है।
राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए इस तरह के हिंसक टकरावों ने राजनीतिक हलकों में चिंता बढ़ा दी है।