असम: काजीरंगा में ट्रक और मिनी बस की आमने-सामने टक्कर, 20 से अधिक मौत की आशंका
क्या है खबर?
असम में काजीरंगा के रोंगाजन में एक ट्रक और एक मिनी बस की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें कम से कम 20 लोगों के मारे जाने की आशंका है। मिनी-बस बोकाखाट से नागांव की ओर जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ। बस में सवार अधिकतर यात्री छात्र थे। अभी कई लोग क्षतिग्रस्त बस के अंदर फंसे हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कुछ लोगों को इलाज के लिए कोहोरा मॉडल अस्पताल भेजा है।
हादसा
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा नेशनल हाईवे 715 पर कोहोरा रेंज में हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन में हुआ है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय बस बहुत तेज रफ्तार से चल रही थी, जिसने राष्ट्रीय पार्क के पास लगे अवरोधक को तोड़ दिया था।
पुलिस को आशंका है कि हादसा तब हुआ जब मिनी बस के चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी कंटेनर ट्रक से आमने-सामने टकरा गई।
जांच
मिनी बस के परखच्चे उड़े
घटना की वीडियो सामने आई है, जिसमें मिनी बस के आगे से परखच्चे उड़ गए हैं। बस में सवार यात्रियों में कई की हालत गंभीर है।
घटना की सूचना पाकर असम के पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री और स्थानीय विधायक अतुल बोरा तुरंत मौके पर पहुंच गए। वे राहत और बचाव के काम की देखरेख कर रहे हैं।
पुलिस ने गंभीर रूप से घायल लोगों को जोरहाट मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल रेफर किया गया है।