असम में बाढ़ प्रभावितों को सरकार का सहारा, 96,000 परिवारों को 15,000 रुपये की सीधी मदद
देश
असम सरकार ने हाल ही में बाढ़ से प्रभावित 96,842 परिवारों को 15,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी है। इस तरह कुल 146.26 करोड़ रुपये की मदद इन परिवारों तक पहुंचाई गई है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को बताया कि करीब 3,000 और परिवारों को भी जल्द ही मदद मिल सकती है। अधिकारी इस सूची को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं।
असम सर्वे में बाढ़ से 480 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान
बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए एक बड़ी टीम काम में जुटी हुई है। अभी तक के सर्वे में पता चला है कि 26,681 घर और 18,887 मवेशी शेड प्रभावित हुए हैं। इस नुकसान का कुल अनुमानित आंकड़ा करीब 480 करोड़ रुपये है। सर्वे का पहला चरण 28 या 29 अगस्त तक पूरा हो जाएगा। इसके नतीजे पारदर्शिता बरतते हुए ऑनलाइन जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, सरकार उन लोगों के लिए नए घर बनाने पर भी काम कर रही है, जिन्हें बाढ़ से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है।