
इंडिगो की मुंबई-कोलकाता उड़ान में सवार असम निवासी व्यक्ति हुआ लापता, सहयात्री ने मारा था थप्पड़
क्या है खबर?
इंडिगो की मुंबई से कोलकाता जाने वाली उड़ान में सहयात्री के थप्पड़ मारने के बाद पैनिक अटैक (घबराहट का दौरा) का शिकार हुआ असम के कछार निवासी यात्री अब लापता हो गया है। इतना ही उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। उसके परिवार ने यह दावा किया है। इस घटना के एक वीडियो में उन्होंने उसकी पहचान की है, जो अब वायरल हो गया है। अब यात्री के लापता होने से मामला गंभीर होता नजर आ रहा है।
प्रकरण
क्या है पूरा मामला?
उड़ान के रिकॉर्ड के अनुसार, लापता व्यक्ति कटिगोराह गांव निवासी अहमद मजूमदार (34) है। वह गुरुवार को उड़ान संख्या 6E-2387 से मुंबई से कोलकाता होते हुए सिलचर जा रहे थे। वीडियो के अनुसार, उड़ान में उन्हें पैनिक अटैक आ गया था। इस स्थिति में घबराहट के दौरे पड़ते हैं। उस दौरान चालक दल के 2 सदस्य उन्हें विमान से बाहर निकालने में मदद करते हैं, लेकिन उसी दौरान सीट पर बैठा एक यात्री उन्हें थप्पड़ मार देता है।
कार्रवाई
थप्पड़ माने वाले यात्री को पुलिस ने गिरफ्तार किया
मजूमदार को थप्पड़ मारने के बाद चालक दल सस्दयों ने इसका विरोध किया और बाद में कोलकाता हवाई अड्डे पर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान हफीजुल रहमान के रूप में हुई है। हालांकि, बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। इस घटना के बाद मजूमदार सिलचर ही नहीं पहुंचे। उन्हें लेने के लिए हवाई अड्डे पर पहुंचे परिजनों ने इसकी जानकारी दी है। इससे परिजनों की चिंता बढ़ गई है।
बयान
परिजनों ने क्या दिया बयान?
लापता यात्री के पिता अब्दुल मन्नान मजूमदार ने बताया कि वह सिलचर हवाई अड्डे पर नहीं पहुंचा, लेकिन उन्हें विमान में हुई घटना की जानकारी नहीं थी। उन्होंने वायरल हमले के वीडियो से उसकी पहचान की और उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल बंद था। उन्होंने बताया कि इंडिगो और हवाई अड्डा अधिकारी भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं दे रहे हैं। इसके बाद उन्होंने उधारबोंड पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई है।
जानकारी
परिजनों की CCTV फुटेज की मांग
परिजनों ने मजूमदार के न मिलने को लेकर पारदर्शी जांच की मांग की है। उन्होंने कोलकाता हवाई अड्डे के CCTV कैमरों की फुटेज या रिकार्ड जारी करने की मांग की है, जिससे लैंडिंग के बाद उसकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
प्रतिक्रिया
इंडिगो ने मामले पर क्या दी प्रतिक्रिया?
इंडिगो ने इस मामले में एक्स पर लिखा, 'हमें अपनी एक उड़ान में हुई मारपीट की घटना की जानकारी है। इस तरह का अनियंत्रित व्यवहार पूरी तरह से अस्वीकार्य है और हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।' एयरलाइन ने आगे लिखा, 'हमारे क्रू ने मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) के अनुसार काम किया। इसमें शामिल आरोपी को कोलकाता पहुंचने पर सुरक्षा अधिकारियों को सौंप दिया गया। प्रोटोकॉल के अनुसार, सभी संबंधित नियामक एजेंसियों को सूचित कर दिया गया है।"