Loading...
पंजाब पुलिस के ASI की हत्या का आरोपी मुठभेड़ में ढेर, आतंकी संबंधों की जांच जारी
पंजाब पुलिस के ASI हरजीत सिंह की हत्या का आरोपी मुठभेड़ में मारा गया है

पंजाब पुलिस के ASI की हत्या का आरोपी मुठभेड़ में ढेर, आतंकी संबंधों की जांच जारी

Sep 20, 2026
12:06 pm

क्या है खबर?

पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस के सहायक उप निरीक्षक (ASI) हरजीत सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी को एक मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। शनिवार (19 सितंबर) की रात को हुई घटना के बाद पुलिस प्रशासन मुस्तैद है। मारे गए आरोपी का संबंध पाकिस्तान में बैठे एक आतंकवादी से होने का संदेह है, जिसकी जांच सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं। जांच के बाद ही उसके बारे में आगे की जानकारी सामने आ सकेगी।

मुठभेड़

कैसे हुई यह मुठभेड़?

पंजाब पुलिस ने बताया कि मारा गया आरोपी अमृतसर के मुल्चक गांव निवासी दीपक सिंह है।

शनिवार रात 9:45 बजे पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान स्कूटी सवार 2 संदिग्धों को रुकने का इशारा किया। आरोपियों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर 4 राउंड गालियां चला दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दीपक को गोलियां लगीं। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

हत्या

ASI की हत्या का आरोपी था दीपक

यह मुठभेड़ 18 सितंबर को हुई एक दर्दनाक वारदात से जुड़ी है। तरनतारन जिला निवासी ASI हरजीत अमृतसर शहर के दाना मंडी में PCR ड्यूटी पर तैनात थे।

बाइक सवार 2 बदमाशों ने आधी रात के करीब बेहद नजदीक से उन पर हमला किया, जिनमें एक दीपक था।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बताया था कि एक अकेली गोली अधिकारी को पीछे से गर्दन के निचले हिस्से में मारी गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई।

ADVERTISEMENT

संबंध

पाकिस्तानी आतंकियों से संबंधों की जांच

पुलिस जांच में इस हत्याकांड के पीछे सीमा पार के आतंकवादियों का हाथ होने की बात सामने आई है।

शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि पाकिस्तान में बैठे एक आतंकवादी ने पुलिस अधिकारियों पर इस तरह का हमला करने के लिए स्थानीय अपराधियों को पैसों का लालच दिया था।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक .30 बोर की पिस्तौल, 2 मैगजीन, 8 जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल की गई होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की है।

ADVERTISEMENT