LOADING...
रवीश कुमार की जगह अनुराग श्रीवास्तव बन सकते हैं विदेश मंत्रालय के अगले प्रवक्ता

रवीश कुमार की जगह अनुराग श्रीवास्तव बन सकते हैं विदेश मंत्रालय के अगले प्रवक्ता

Mar 07, 2020
04:12 pm

क्या है खबर?

भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव को विदेश मंत्रालय का अगला प्रवक्ता बनाया जा सकता है। अनुराग अभी इथियोपिया और अफ्रीकी संघ में भारत के राजदूत हैं। वे रवीश कुमार की जगह ले सकते हैं जिन्हें उनके तेजतर्रार और तीखे जबावों के लिए जाना जाता है और जो हर किसी के लिए एक जाना-पहचाना चेहरा बन गए हैं। उन्हें राजदूत के तौर पर यूरोप के किसी देश में भेजा जा सकता है।

जिम्मेदारियां

ये अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं अनुराग श्रीवास्तव

1999 बैच के IFS अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव इससे पहले भी विदेश मंत्रालय में एक अहम जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वे विदेश मंत्रालय के वित्त विभाग के प्रमुख रह चुके हैं। ये विभाग मंत्रालय के दो अरब डॉलर के सालाना बजट को संभालता है। वहीं, इथियोपिया में भारत का राजदूत बनने से पहले वे कोलंबो में भारतीय दूतावास की राजनीतिक ईकाई के प्रमुख थे। इससे पहले वे संयुक्त राष्ट्र (UN) में भारत के स्थाई मिशन का हिस्सा थे।

शिक्षा और परिवार

अनुराग के पास ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पोस्ट-ग्रेजुएट डिप्लोमा

अनुराग श्रीवास्तव के पास इंजीनियरिंग और बिजनेस मैनेजमेंट में डिग्री हैं और उन्होंने डिप्लोमेटिक स्टडीज में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पोस्ट-ग्रेजुएट डिप्लोमा भी किया हुआ है। 1999 में IFS में शामिल होने से पहले वे कुछ समय के लिए कॉर्पोरेट सेक्टर भी काम कर चुके हैं। उन्हें हिंदी और अंग्रेजी के अलावा फ्रेंच भाषा में भी निपुणता हासिल है। उनकी पत्नी का नाम मेघना है और दोनों का एक बेटा भी है।

Advertisement

रवीश कुमार

2017 में विेदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बने थे रवीश कुमार

वहीं विदेश मंत्रालय के वर्तमान प्रवक्ता 49 वर्षीय रवीश कुमार ने अगस्त, 2017 में ये पद संभाला था। उन्होंने सैयद अकबरुद्दीन की जगह ली थी जिन्हें भी उनकी तरह तेजतर्रार, तीखे और सटीक जबावों के लिए जाना जाता था। प्रवक्ता पद से विदाई के बाद अकबरुद्दीन को UN में भारत का राजदूत बना दिया गया था। रवीश को किसी यूरोपीय देश में भारत का राजदूत बनाया जा सकता है।

Advertisement