रैपिडो चालक ने जातिवाद के खिलाफ उठाई आवाज, कंपनी ने 99 साल के लिए निलंबित किया अकाउंट
लखनऊ के दलित टैक्सी ड्राइवर अंकित कुमार ने बताया है कि उनका रैपिडो अकाउंट लगभग 99 साल 11 महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है। उनका आरोप है कि एक सवारी के दौरान जातिवादी टिप्पणी करने वाले यात्रियों को टोकने पर उन्हें ब्लॉक कर दिया गया। कुमार अपने परिवार का खर्च इसी नौकरी से चलाते हैं। उनका कहना है कि अकाउंट ब्लॉक करने से पहले उन्हें अपनी बात रखने का मौका भी नहीं दिया गया। अब उनका अकाउंट 19 जुलाई 2126 तक के लिए बंद रहेगा।
कुमार के वीडियो से सोशल मीडिया पर हंगामा
घटना का वीडियो एक्स पर पोस्ट होने के बाद सोशल मीडिया पर जमकर हंगामा हो गया। इस वीडियो में कुमार यात्रियों से बाहर जाने को कहते दिख रहे हैं और न मानने पर पुलिस बुलाने की धमकी भी दे रहे हैं। अंकित कुमार के इस निलंबन को लेकर रैपिडो की चौतरफा आलोचना हो रही है। लोग इस मामले में जांच की मांग कर रहे हैं, साथ ही अंकित को फिर से काम पर रखने की भी बात कह रहे हैं।