अनिल अंबानी ने NDTV पर मानहानि मुकदमा किया, कहा- अडाणी दिखा रहे उनकी कंपनी में दिलचस्पी
क्या है खबर?
प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच में घिरे उद्योगपति अनिल अंबानी ने दिल्ली हाई कोर्ट में अडाणी समूह की मीडिया कंपनी NDTV के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है। अनिल ने हाई कोर्ट को बताया कि NDTV के बहुसंख्यक शेयरधारक अडाणी समूह उनकी कंपनियों पर कब्जा करना चाहता है और उनकी रिलायंस कंपनियों के खिलाफ गलत रिपोर्टिंग कर रहा है। अनिल की याचिका पर कोर्ट ने गुरुवार को NDTV के प्रधान संपादक राहुल कनवाल को नोटिस जारी किया।
मानहानि
अनिल का आरोप- चैनल ने 72 तीखे लेख प्रकाशित किए
अनिल ने आरोप लगाया कि उनकी कंपनियों के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और ED के मामले की चैनल ने गलत रिपोर्टिंग की है। आरोप है कि चैनल ने पिछले कुछ महीनों में उनके खिलाफ 72 तीखे लेख प्रकाशित किए हैं ताकि इसके असली मालिकों की 'शोषणकारी रणनीतियों' को बढ़ावा मिल सके। उनके वकील ने कहा कि जांच एजेंसियों ने रिलायंस के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं, लेकिन किसी व्यक्ति की गिरफ्तार पर NDTV अनिल अंबानी का नाम लेता है।
सुनवाई
19 जुलाई को होगी अगली सुनवाई
अनिल की दलीलें सुनने के बाद न्यायमूर्ति सुब्रमणियम प्रसाद ने NDTV से याचिका पर जवाब देने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 19 जुलाई को होगी। अनिल ने 2 करोड़ रुपये से अधिक का हर्जाना मांगा है। अनिल ने कहा कि हर्जाने की यह राशि दान में दी जाएगी। अनिल ने कनवाल के अलावा, अडाणी समूह के स्वामित्व वाली समाचार एजेंसी IANS और उसके संपादक आशीष मनचंदा, NDTV के प्रबंध संपादक मनोरंजन भारती, तमन्ना इनामदार को प्रतिवादी बनाया है।