मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू का बड़ा ऐलान, तीसरे बच्चे पर 30,000 और चौथे बच्चे पर मिलेंगे 40,000 रुपये
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने परिवारों के लिए नकद इनामों का ऐलान किया है। इसके तहत, अगर किसी परिवार में तीसरा बच्चा होता है, तो उन्हें 30,000 रुपये मिलेंगे। वहीं, चौथे बच्चे के लिए सरकार 40,000 रुपये देगी। मुख्यमंत्री ने यह फैसला इसलिए लिया है, क्योंकि वे चाहते हैं कि राज्य की कुल प्रजनन दर (TFR) 2.1 बनी रहे। नायडू ने आगाह किया है कि अगर राज्य की जनसंख्या वृद्धि दर इसी तरह घटती रही, तो भविष्य में आंध्र प्रदेश के विकास पर बुरा असर पड़ सकता है।
नायडू ने बढ़ती कमाई और बेटे की चाहत को वजह बताया
नायडू ने बताया कि आजकल बढ़ती कमाई और बेटे की चाहत की वजह से परिवार छोटे हो रहे हैं, यानी लोग कम बच्चे पैदा कर रहे हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री बच्चों को बोझ नहीं मानते, बल्कि उन्हें एक संपत्ति बताते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस नई प्रोत्साहन योजना के नियम और शर्तें क्या होंगी, इसकी पूरी जानकारी जल्द ही सामने आएगी, लेकिन यह साफ है कि सरकार एक बार फिर बड़े परिवारों को बढ़ावा देना चाहती है।