आंध्र प्रदेश: यात्री बस में लगी भीषण आग, ओडिशा के विधायक समेत 37 लोग बाल-बाल बचे
क्या है खबर?
आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में शनिवार तड़के एक निजी यात्री बस में आग लगने से एक बड़ा हादसा टल गया। यह घटना सुबह करीब 3 बजे तारापुरम के पास बस के पिछले टायर के फटने के बाद घटी। ड्राइवर की सूझबूझ और यात्रियों की सतर्कता के कारण ओडिशा के चित्रकोंडा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मंगू खिला समेत बस में सवार सभी 37 लोगों को आग की लपटों में घिरने से पहले ही सुरक्षित निकाल लिया गया।
घटना
यात्रियों की गहरी नींद में होने दौरान लगी आग
घटना के बाद विधायक खिला ने ड्राइवर की सूझबूझ की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "बस में आग तब लगने के दौरान मैं और अन्य सभी यात्री गहरी नींद में थे। ड्राइवर की सूझबूझ ने सभी की जान बचा ली।" दमकलकर्मी और स्थानीय अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन वाहन को नहीं बचा सके क्योंकि वह पूरी तरह से आग की लपटों में जल चुका था। सौभाग्य से घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है।
जांच
पुलिस ने शुरू की आग लगने के कारणों की जांच
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना पर दमकल के साथ मौके पर पहुंचे और सबसे पहले यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें आगे की यात्रा के लिए एशियन स्माइल नामक दूसरी बस में भेज दिया गया। पुलिस ने आग लगने के कारण और सुरक्षा नियमों के पालन की जांच शुरू कर दी है। बोब्बिली ग्रामीण पुलिस थाना प्रभारी श्रीनिवास ने पुष्टि की कि चालक की समयबद्ध कार्रवाई के कारण एक बड़ी आग दुर्घटना टल गई।