LOADING...
आंध्र प्रदेश: ट्रैक्टर और JCB में ले जा रहे कोरोना से मरने वालों के शव, विवाद

आंध्र प्रदेश: ट्रैक्टर और JCB में ले जा रहे कोरोना से मरने वालों के शव, विवाद

Jun 27, 2020
10:44 am

क्या है खबर?

आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम इलाके में सरकार की असंवेदनशीलता का मामला सामने आया है। यहां कोरोना वायरस के कारण जान गंवाने वाले लोगों के शवों को JCB और ट्रैक्टर की ट्रॉली में लादकर लाया जा रहा है। जब इन घटनाओं के वीडियो वायरल हुए और प्रशासन की आलोचना शुरू हुई तब अधिकारियों की नींद खुली। इसके बाद आनन-फानन में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। आइये, यह पूरी खबर विस्तार से जानते हैं।

मौत

सफाई कर्मचारी की मौत के बाद लोगों में फैला डर

पहला मामला पलासा के उदयपुरम इलाके का है। श्रीकाकुलम जिले का यह इलाका कोरोना वायरस से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यहां सफाई कर्मचारी का काम करने वाले एक 72 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक पिछले काफी दिनों से बीमार था। गुरुवार को मौत के बाद शुक्रवार को उसकी कोरोना वायरस टेस्ट की रिपोर्ट पॉजीटिव आई गई। इसके बाद आसपास के इलाके में लोगों में डर बैठ गया और उन्होंने नगरपालिका पर शव ले जाने का दबाव बनाया।

शर्मनाक घटना

JCB में रखकर श्मसान घाट पहुंचाया गया शव

मृतक व्यक्ति नगर पालिका में सफाई कर्मचारी का काम करता था। लोगों के दबाव के बीच नगरपालिका ने JCB और PPE किट पहने अपने कुछ अधिकारियों को मौके पर भेजा। उन्होंने शव को एक प्लास्टिक की शीट में लपेटा और JCB के अगले हिस्से पर रख दिया। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के श्मसान घाट पहुंचाया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने भी इस पर सवाल उठाए हैं।

ट्विटर पोस्ट

JCB में रखकर शव ले जाते कर्मचारी

कार्रवाई

जिम्मेदार अधिकारियों को किया गया सस्पेंड

चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए ट्विटर पर लिखा कि ऐसे मंजर देख कर वो हैरान हैं। उन्होंने लिखा, 'शव भी सम्मान का हकदार है। शव के साथ अमानवीय व्यवहार के लिए वाईएस जगन सरकार को शर्म आनी चाहिए।' किरकिरी होने के बाद जिलाधिकारी ने घटना को लेकर नगरपालिका प्रमुख और सैनेटेरी इंस्पेक्टर को उनके पद से हटा दिया है। साथ ही घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं।

जानकारी

सोमपेटा में ट्रॉली में डालकर ले जाया गया शव

जिले में प्रशासन की असंवेदनशीलता का यह एकमात्र मामला नहीं है। इंडिया टूडे के अनुसार, श्रीकाकुलम जिले के ही सोमपेटा इलाके में कोरोना वायरस के कारण जान गंवाने वाले एक शख्स को ट्रॉली में लादकर ले जाया गया। इसका वीडियो आप नीचे देख सकते हैंं।

ट्विटर पोस्ट

ट्रॉली में ले जाया जा रहा शव

कोरोना वायरस

आंध्र प्रदेश और देश में कितने मामले?

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, आंध्र प्रदेश में अब तक कोरोना वायरस के कुल 11,489 मामले सामने आए हैं। इनमें से 5,198 लोग ठीक हो गए हैं और 148 की मौत हुई है। वहीं देशभर में संक्रमितों की संख्या पांच लाख से पार हो गई है। बीते दिन मिले रिकॉर्ड 18,552 नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 5,08,953 हो गई है। इनमें से 1,97,387 सक्रिय मामले हैं, 2,95,881 लोग ठीक हुए हैं और 15,85 लोगों की मौत हुई है।