छत्तीसगढ़ के बिलासपुर हवाई अड्डे पर उतरते समय एलायंस एयर विमान का टायर फटा, हड़कंप मचा
क्या है खबर?
छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को बड़ा विमान हादसा होते-होते मचा। यहां के बिलासपुर हवाई अड्डे पर उतरते समय एलायंस एयर के विमान का टायर फट गया, जिससे यात्री बुरी तरह सहम गए। घटना सुबह 11 बजे हुई। घटना के समय विमान 9I1613 दिल्ली से बिलासपुर पहुंचा था। उसमें 37 यात्री और 4 चालक दल के सदस्य सवार थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है। किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है।
हादसा
कैसे हुआ हादसा?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान जैसे ही बिलासपुर हवाई अड्डे के हवाई पट्टी पर उतरा, उसका बायां टायर एक तेज विस्फोट के साथ फट गया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय विमान की रफ्तार ज्यादा तेज नहीं थी, जिससे विमान लड़खड़ाते हुए रुक गया।
घटना के बाद हवाई अड्डे के कर्मचारियों और एयरलाइंस कर्मियों ने यात्रियों को बाहर निकाला और उन्हें टर्मिनल भिजवाया।
एयरलाइन बिलासपुर से उसकी निर्धारित अगली उड़ान को रद्द कर दिया है।
जांच
हादसे के कारणों का पता नहीं
एयरलाइंस ने अभी तक घटना को लेकर कोई बयान नहीं दिया है। हवाई अड्डा के कर्मचारी और एयरलाइंस के इंजीनियर मामले को देख रहे हैं।
विमान का टायर कैसे फटा, इसका भी सटीक कारण नहीं बताया गया है। इंजीनियर विमान के टायर की जांच कर रहे हैं।
बता दें कि एलायंस एयर भारत की एक सरकारी स्वामित्व वाली क्षेत्रीय एयरलाइन है, जिसका मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है। मामले की जांच की जा रही है।