जम्मू-कश्मीर की स्थिति को लेकर बोले अजित डोभाल, दी अहम जानकारियां
क्या है खबर?
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने विशेष राज्य का दर्जा समाप्त किए जाने के बाद से जम्मू-कश्मीर में जारी प्रतिबंधों के बारे में कई अहम जानकारियां दी।
उन्होने कहा कि राज्य के 199 पुलिस थाना क्षेत्रों में से केवल 10 थाना क्षेत्रों में निषेधात्मक प्रतिबंध लागू है। यानी राज्य के 92.5 इलाके में किसी प्रकार के प्रतिबंध नहीं है।
साथ ही उन्होंने कहा कि लैंडलाइन सेवा को पूरी तरह से बहाल कर दिया गया है।
बयान
हिरासत को चुनौती दे सकते हैं नेता- NSA
बीते एक महीने से भी ज्यादा समय से जम्मू-कश्मीर के मुख्यधारा के बड़े नेता हिरासत में है।
डोभाल ने कहा कि इन नेताओं को ऐहतियाती तौर पर हिरासत में लिया गया है।
उन्होंने कहा कि अगर कोई सभा होती तो कानून-व्यवस्था को खतरा हो सकता था। आतंकवादी इस स्थिति का फायदा उठा सकते थे।
डोभाल ने कहा कि इन नेताओं को कानून के तहत हिरासत में रखा गया है। वो अपनी हिरासत को कोर्ट में चुनौती दे सकते हैं।
हिरासत
स्थिति सामान्य होने तक हिरासत में रहेंगे ये नेता- डोभाल
डोभाल ने हिरासत में बंद नेताओं के बारे में बोलते हुए कहा कि इन नेताओं में से किसी पर भी देशद्रोह या कोई दूसरा आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया गया। उन्हें ऐहतियाती तौर पर हिरासत में रखा गया है।
इन नेताओं की रिहाई के बारे में बोलते हुए NSA ने कहा कि लोकतंत्र के लिहाज से सही माहौल बनने के बाद इन्हें रिहा कर दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही ऐसा माहौल बनेगा।
नापाक हरकत
पाकिस्तान कर रहा अशांति फैलाने की कोशिश
डोभाल ने कहा कि पाकिस्तान मुश्किलें खड़ी करने की कोशिश कर रहा है। लगभग 230 पाकिस्तानी आतंकी देखे गए हैं। उनमें से कुछ घुसपैठ कर गए हैं और कईयों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि हम पाकिस्तानी आतंकवादियों से कश्मीरियों को बचाने के लिए मुस्तैद हैं चाहे हमें प्रतिबंध लगाने पड़े।
पाकिस्तान के पास अशांति फैलाने के लिए केवल आतंकवाद ही एक हथियार है।
जानकारी
कश्मीरियों को भड़का रहा पाकिस्तान- NSA
डोभाल ने कहा कि पाकिस्तानी कम्यूनिकेशन टॉवर मैसेज भेजने की कोशिश कर रहे हैं। डोभाल ने कहा, "हमने इंटरसेप्ट सुने हैं। वो अपने लोगों से कह रहे हैं कि सेब के इतने ट्रक क्यों जा रहे हैं। क्या तुम यह रोक नहीं सकते।"
युवक की मौत
एक महीने में केवल एक बड़ी घटना- NSA
डोभाल ने कहा कि कश्मीर में स्थितियां उम्मीद से बेहतर तरीके से सुधर रही है। छह अगस्त को एक हादसे में एक युवक की मौत हुई थी।
NSA ने कहा कि वह गोली लगने से नहीं मरा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि उसे किसी भारी चीज से चोट लगी थी। इतने दिनों में केवल एक ऐसी घटना सामने आई है।
उन्होंने कहा कि वो आतंकवाद ग्रस्त इलाकों की बात कर रहे हैं और केवल एक ऐसी घटना हुई है।
प्रतिबंध
कब हटेंगे प्रतिबंध?
डोभाल ने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रतिबंध हटा लिए जायें, लेकिन यह पाकिस्तान पर निर्भर करता है कि वह कैसे व्यवहार करता है।
अगर पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज आता है, लोगों को नहीं भड़काता है और आतंकियों की घुसपैठ रोकता है कि तो कश्मीर से जल्द ही प्रतिबंध हटा लिए जाएंगे।
डोभाल ने कहा कि पाकिस्तान लोगों को भड़का रहा है। उसे अपने ऑपरेटिव्ज के जरिए भेजे जाने वाले संदेशों पर लगाम लगानी होगी।