भारत और यूरोप में उड़ान संचालन पर असर पड़ा, जानिए कारण
क्या है खबर?
भारत की कई एयरलाइंस का संचालन गुरुवार को एयरलाइन आरक्षण प्रणाली नेविटेयर से संबंधित तकनीकी खराबी के कारण कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। सिस्टम में खराबी के कारण इंडिगो और अकासा समेत कई एयरलाइंस की उड़ानों पर असर पड़ा है। हालांकि, एयर इंडिया इसका उपयोग नहीं करता, जिससे वह समस्या से दूर रही। इससे भारत के अलावा एशिया-प्रशांत और यूरोप क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में कई एयरलाइनें प्रभावित हुईं। हालांकि, किसी उड़ान में बड़ी देरी की सूचना नहीं है।
समस्या
चेक-इन काउंटर और बोर्डिंग के दौरान लगी कतार
हिंदुस्तान टाइम्स ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एयर और स्पाइसजेट एयरलाइंस सुबह 6:45 बजे से 7:28 बजे के बीच और फिर सुबह 8:10 बजे से 8:25 बजे के बीच रुक-रुक कर प्रभावित हुई थी। इससे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे सहित कई हवाई अड्डों पर चेक-इन और बोर्डिंग प्रक्रियाओं में अस्थायी देरी हुई और सुबह के व्यस्त यात्रा समय के दौरान लंबी कतारें लग गईं।
खराबी
नेटिवेयर प्रणाली क्या है?
नेविटेयर, एमाडेस की कंपनी है, जो न्यू स्काईज नामक डिजिटल-फर्स्ट पैसेंजर सर्विस सिस्टम (PSS) प्रदान करती है। दुनिया भर में कम लागत वाली और हाइब्रिड एयरलाइनें आरक्षण, टिकट बुकिंग, हवाई अड्डे के संचालन को प्रबंधित करने के लिए यह सिस्टम उपयोग करती हैं। यह क्लाउड-आधारित प्लेटफॉर्म है, जो प्रस्थान नियंत्रण, सेल्फ-सर्विस चेक-इन, बोर्डिंग, बैगेज ट्रैकिंग के लिए गो-नाउ जैसे टूल एकीकृत करता है। यह एजेंटों को चेक-इन और बोर्डिंग प्रक्रियाओं को प्रबंधित और निगरानी करने में भी मदद करता है।
चेतावनी
दिल्ली और उसके आसपास NOTAM लागू
नेविटेयर प्रणाली के अलावा, दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में एक नोटिस टू एयर मिशन (NOTAM) लागू है, जो AI शिखर सम्मेलन 2026 के लिए लगाया गया है। इससे दिल्ली के आसपास अस्थायी उड़ान प्रतिबंध लगाता है और दिल्ली हवाई अड्डे के 300 किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी हवाई अड्डों पर सुबह 7:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक लागू रहता है। ऐसे में पहले से मंजूरी ले चुकीं उड़ानें ही संचालित होंगी।