LOADING...
भारतीय एयरलाइंस ने जेट ईंधन की कीमतों पर नाराजगी जताई, परिचालन बंद होने की चेतावनी
भारतीय एयरलाइंस ने जेट ईंधन की कीमतों पर नाराजगी जताई

भारतीय एयरलाइंस ने जेट ईंधन की कीमतों पर नाराजगी जताई, परिचालन बंद होने की चेतावनी

लेखन गजेंद्र
Apr 28, 2026
05:00 pm

क्या है खबर?

एयर इंडिया और इंडिगो समेत भारत की प्रमुख एयरलाइंस कंपनियों ने केंद्र सरकार को जेट ईंधन के बढ़ते दामों को लेकर चेतावनी दी है। फेडरेशन ऑफ इंडियन एयरलाइंस (FIA) ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखकर बताया है कि विमानन टरबाइन ईंधन (ATF) की बढ़ती कीमतों के कारण यह क्षेत्र 'अत्यधिक तनाव' का सामना कर रहा है। उन्होंने कीमतों में राहत और वित्तीय सहायता की मांग करते हुए बताया कि हालात न सुधरे तो परिचालन बंद हो सकता है।

खर्च

कितना बढ़ गया एयरलाइंस का खर्च?

FIA ने पत्र में बताया कि पश्चिम एशिया में तनाव के बीच वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है और यह 2 लाख रुपये प्रति किलोलीटर से अधिक हो गई है। विमानन ईंधन, जो आमतौर पर एयरलाइन लागत का लगभग 30-40 प्रतिशत होता है, अब 55-60 प्रतिशत तक बढ़ गया है। इससे मुनाफे में काफी कमी आई है। FIA ने बताया कि एयरलाइंस इस वृद्धि को खासकर अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर वहन करने के लिए संघर्ष कर रही है।

मांग

एयरलाइंस की क्या है मांग?

पत्र में सरकार से मांग की गई है कि वह ATF पर 11 प्रतिशत उत्पाद शुल्क को अस्थायी रूप से हटाए और राज्य-स्तरीय वैट में कमी लाने के लिए दबाव डाले। दिल्ली में जेट ईंधन पर 25 प्रतिशत वैट लगता है, तमिलनाडु 29 प्रतिशत के साथ सबसे ऊपर है। मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और कोलकाता में वैट की दरें 16 से 20 प्रतिशत के बीच हैं। एयरलाइंस ने जेट ईंधन के लिए अधिक अनुमानित मूल्य निर्धारण तंत्र की मांग की है।

Advertisement