Loading...
एयर इंडिया एक्सप्रेस में बम की धमकी, नोट की 70 प्रतिशत लिखावट यात्रियों-कर्मचारियों से मिली
एयर इंडिया एक्सप्रेस में बम की धमकी के बाद हो रही जांच

एयर इंडिया एक्सप्रेस में बम की धमकी, नोट की 70 प्रतिशत लिखावट यात्रियों-कर्मचारियों से मिली

लेखन गजेंद्र
Sep 04, 2026
01:15 pm

क्या है खबर?

सऊदी अरब के दम्मान से दिल्ली आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान को बम से उड़ाने की धमकी के मामले में नया मोड़ आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान के अंदर से धमकी का जो नोट मिला था, उसकी लिखावट विमान में सवार चालक दल के सदस्यों और यात्रियों से मिल रही है। घटना के मामले में एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अहमदाबाद हवाई अड्डा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसकी अपराध शाखा जांच कर रही है।

घटना

क्या है धमकी का मामला?

सोमवार 31 अगस्त को एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX 170 दम्माम से दिल्ली आ रही थी, तभी विमान के शौचालय में बम की धमकी का एक नोट मिला था।

नोट में टिशू पेपर पर काले रंग की स्याही से 'बम रेड 430' लिखा था और एक डिब्बे का चित्र बना हुआ था। इसकी जानकारी मिलते ही विमान को अहमदाबाद की ओर मोड़ दिया गया।

अहमदाबाद उतरने पर एयरलाइन ने शिकायत दर्ज कराई थी। विमान में 40 लोग सवार थे।

जांच

जांच में शक की सुई एक यात्री और कर्मचारी पर

विमान में 32 यात्री, 4 चालक दल के सदस्य और 4 पायलट सवार थे।

सभी यात्रियों और कर्मचारियों से 6 टिशू पेपर पर लिखावट के नमूने लिए गए थे। इसके बाद यात्रियों को दूसरे विमान से दिल्ली भेज दिया गया, जबकि कर्मचारियों को जांच के लिए रोका गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शक की सुई एक यात्री और एक चालक दल के सदस्य पर है, जिसकी लिखावट 70 प्रतिशत मिल रही है। हालांकि, अभी दोषी नहीं पाया गया है।

ADVERTISEMENT