LOADING...
अब अहमदाबाद और तमिलनाडु में NEET अभ्यर्थियों ने की आत्महत्या, 2 दिन में 4 की मौत
तमिलनाडु के कोयंबटूर में NEET अभ्यथी अनुकीर्तना ने जहर खाकर जान दी

अब अहमदाबाद और तमिलनाडु में NEET अभ्यर्थियों ने की आत्महत्या, 2 दिन में 4 की मौत

लेखन गजेंद्र
Jun 18, 2026
03:07 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रीय पात्रता सह-प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 की 21 जून को होने वाली पुनर्परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों के आत्मघाती कदम की खबरें नहीं रुक रही हैं। गुरुवार तड़के तमिलनाडु के कोयंबटूर में NEET की तैयारी कर रही एक 19 साल की छात्रा अनुकीर्तना ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इससे पहले बुधवार को गुजरात के अहमदाबाद में 17 साल के छात्र ने छठी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। पिछले 2 दिन में 4 अभ्यर्थी आत्महत्या कर चुके हैं।

आत्महत्या

छात्रा ने लिखा- दोबारा परीक्षा देने से डर लग रहा

अनुकीर्तना 2 बार NEET की परीक्षा दे चुकी थी। पिछले महीने पेपर लीक होने के बाद उसे तीसरी बार परीक्षा देनी पड़ रही थी। उन्होंने आत्महत्या से पहले अपने चाचा और रिश्तेदारों को व्हाट्सऐप संदेश भेजा था, जिसमें लिखा था, "मैं NEET परीक्षा देने के बाद मेडिकल कॉलेज में एडमिशन का इंतजार कर रही थी, लेकिन परीक्षा रद्द हो गई। अब दोबारा परीक्षा से डर लग रहा है। मैं पापा का सामना कैसे करूंगी, उन्होंने बहुत पैसा खर्च किया है।"

प्रदर्शन

छात्रा की मौत के बाद प्रदर्शन

कोवईपुदुर स्थित पार्क टाउन में रहने वाली अनुकीर्तना अपने घर में बेहोश मिली थी, जिसके बाद उसको अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। छात्रा के पिता सेंथिल प्रभु ट्रेड यूनियन के जिला सचिव हैं। उनकी बेटी की मौत की जानकारी मिलते ही भारतीय मार्क्सवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया। अनुकीर्तना की एक छोटी बहन है। उसका सपना डॉक्टर बनकर गरीबों का इलाज करना था।

Advertisement

अहमदाबाद

अहमदाबाद में छात्र ने दी जान

अहमदाबाद के न्यू रानीप इलाके में बुधवार की रात 17 वर्षीय कहान पटेल ने अपनी जान दे दी। उसने बहुमंजिला एरिस्टो आनंदम फ्लैट्स के ब्लॉक-बी की छठी मंजिल से छलांग लगाई थी। उसके नीचे गिरने पर तेज आवाज हुई, जिसके बाद लोग उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। उसको मृत घोषित कर दिया गया है। पटेल NEET की तैयारी में जुटा था। अभी तक आत्महत्या का कारण सामने नहीं आया है। वह पिछले काफी दिनों से दबाव में था।

Advertisement

मौत

2 दिन में 4 मौत, 36 दिन में 12 छात्रों ने दी जान

अहमदाबाद और कोयंबटूर में छात्रों के इस घातक कदम से पहले देहरादून और लखनऊ में 23 और 17 साल की छात्रा ने अपनी जान दी थी। यह पिछले 2 दिन में चौथी आत्महत्या की घटना है। 12 मई को NEET परीक्षा रद्द होने के बाद अब तक 36 दिन में 12 छात्र जान दे चुके हैं, जिसमें कई ने अपने सुसाइड नोट में दोबारा परीक्षा को मानसिक दबाव का कारण बताया है। NEET की पुनर्परीक्षा 21 जून को है।

जानकारी

आत्महत्या के विचार पर यहां से लें सहायता

अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं और आत्महत्या करने के विचार आ रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।

Advertisement