Loading...
एयर इंडिया विमान हादसे की रिपोर्ट अक्टूबर तक, AAIB ने कॉकपिट रिकॉर्डिंग मांगने का विरोध किया
एयर इंडिया विमान हादसे की रिपोर्ट अक्टूबर तक आएगी

एयर इंडिया विमान हादसे की रिपोर्ट अक्टूबर तक, AAIB ने कॉकपिट रिकॉर्डिंग मांगने का विरोध किया

लेखन गजेंद्र
Jul 15, 2026
02:14 pm

क्या है खबर?

पिछले साल अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे की जांच कर रहे विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि अंतिम जांच रिपोर्ट का मसौदा अक्टूबर तक तैयार हो सकता है। ब्यूरो ने घटना की स्वतंत्र न्यायिक जांच की मांग करने वाली याचिकाओं का विरोध करते हुए कोर्ट में दायर अपने जवाबी हलफनामे में ये बात कही। ब्यूरो ने कहा कि मीडिया अटकलों और पायलटों को दोषी ठहराने वाली कहानी गवाहों को प्रभावित कर रही है।

हादसा

6 हफ्ते में पूरी हो जाएगी जांच- AAIB

AAIB ने यह हलफनामा पुष्करराज सभरवाल की याचिका के जवाब में दायर किया गया। पुष्करराज पायलट कैप्टन सुमित सभरवाल के पिता हैं, जो विमान उड़ा रहे थे और हादसे में अपनी जान गंवा बैठे।

हलफनामे में AAIB ने कहा कि जांचकर्ता सबूत जुटाने, तकनीकी जांच और फोरेंसिक जांच के चरण में हैं। संभावना है कि जांच 6 हफ्ते में पूरी हो जाएगी।

AAIB ने कहा कि यह अंतिम रिपोर्ट होगी, जो बताएगी कि क्या हुआ, कैसे हुआ और क्यों हुआ।

विरोध

कॉकपिट रिकॉर्डिंग मांगे जाने का विरोध

AAIB ने आगे कहा कि मीडिया में चल रही अटकलों और पायलटों को दोषी ठहराने वाली बातों की वजह से कुछ गवाहों को रोकने वाला और जवाब न देने वाला बना दिया है, जो जांच के लिए नुकसान है।

ब्यूरो ने कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने की मांग का विरोध करते हुए नियम का हवाला दिया और कहा कि ऑडियो कंटेंट के साथ-साथ एयरबोर्न इमेज रिकॉर्डिंग जनता के सामने उजागर नहीं किया जाएगा।

इस पर पूरी तरह कानूनी रोक है।

ADVERTISEMENT

नियम

AAIB ने नियमों का हवाला दिया

AAIB ने हलफनामे में कहा कि जब तक केंद्र सरकार कोई और फ़ैसला न ले, नियम 17(1) इन चीज़ों को सार्वजनिक करने पर रोक लगाता है।

ब्यूरो ने कहा कि जांच अधिकारियों द्वारा लोगों से लिए गए सभी बयान, विमान के संचालन में शामिल लोगों के बीच हुई सभी बातचीत, दुर्घटना में शामिल लोगों से जुड़ी मेडिकल या निजी जानकारी, कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग, ट्रांसक्रिप्ट, एयर ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट की रिकॉर्डिंग, कॉकपिट एयरबोर्न इमेज रिकॉर्डिंग को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता।

ADVERTISEMENT

मांग

स्वतंत्र जांच की मांग ठुकराई

सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने वाले पुष्करराज सभरवाल के अलावा फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स शामिल हैं।

उन्होंने दुर्घटना की निष्पक्ष, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुदृढ़ जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक स्वतंत्र समिति के गठन की मांग की है ।

इसका विरोध करते हुए AAIB का कहना है कि जांच विमान दुर्घटना जांच को नियंत्रित करने वाले वैधानिक और अंतरराष्ट्रीय ढांचे के अनुसार की जा रही है।

जानकारी

जांच का उद्देश्य भविष्य में घटनाओं को रोकना भी

AAIB ने कहा कि जांच का उद्देश्य विमानन सुरक्षा में सुधार और भविष्य की दुर्घटनाओं को रोकना है, न कि दोषारोपण, नागरिक या आपराधिक दायित्व का निर्धारण करना। ब्यूरो ने बताया कि जांच शिकागो कन्वेंशन और ICAO अनुबंध-13 के तहत अंतरराष्ट्रीय-स्तर पर संचालित प्रक्रिया है।

हादसा

हादसे में गई थी 260 लोगों की जान

पिछले साल 12 जून को अहमदाबाद से लंदन के लिए एयर इंडिया की AI-171 उड़ान भरने के कुछ सेकेंड बाद एक मेडिकल कॉलेज के छात्रावास से टकरा गया था।

हादसे में विमान सवार 242 लोगों में से 241 लोगों की मौत हो गई, जबकि जमीन पर 19 अन्य लोग मारे गए। इसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी शामिल थे।

हादसे की जांच AAIB को सौंपी गई है, जिसकी प्रारंभिक रिपोर्ट पर सवाल उठ रहे हैं।

ADVERTISEMENT