अहमदाबाद विमान हादसे की पहली बरसी पर नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने क्या कहा?
क्या है खबर?
गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून को हुए एयर इंडिया विमान हादसे की आज पहली बरसी है, लेकिन अभी तक हादसे की जांच रिपोर्ट न आने से पीड़ित चिंतित हैं। इस बीच, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने शुक्रवार को हादसे में जान गंवाने वालों को याद किया और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि पूरे पेशेवर और लगन के साथ जांच जारी है। हालांकि, यह नहीं बताया कि रिपोर्ट कब आएगी।
बयान
क्या बोले नायडू?
नायडू ने एक्स पर लिखा, 'आज, एयर इंडिया की उड़ान AI-171 के दुखद हादसे को एक साल पूरा हुआ है। हम उन लोगों को गहरे दुख के साथ याद करते हैं जिनकी जान हादसे में गई और उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताते हैं। स्थापित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रक्रियाओं के अनुसार, पूरी लगन और पेशेवर तरीके से जांच जारी है। हम हादसे के कारणों का गहन और निष्पक्ष पता लगाने, विमानन सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'
हादसा
हादसे में 260 लोगों की हुई थी मौत
अहमदाबाद हवाई अड्डे से 12 जून, 2025 को एयर इंडिया AI-171 ने लंदन के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान भरते ही 32 सेकेंड बाद वह पास की बीजे मेडिकल कॉलेज की इमारत से टकरा गया। विमान पर 241 लोग सवार थे, जिसमें एक सौभाग्यशाली यात्री को छोड़कर सबकी मौत हो गई, जबकि पर 20 लोगों की जान गई। हादसे में जान गंवाने वालों में विमान में सवार गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और 53 ब्रिटिश नागरिक भी थे।
जांच
AAIB ने कहा- जारी है जांच
विमान हादसे की जांच नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) कर रहा है। उसने शुक्रवार को बरसी पर जारी एक बयान में कहा कि हादसे की जांच विमान (दुर्घटनाओं और घटनाओं की जांच) नियम, 2017 और ICAO अनुलग्नक 13 मानकों के अनुसार चल रही है। ब्यूरो ने कहा कि वह जांच से प्राप्त साक्ष्यों और परिणामों का विश्लेषण कर रहा है, सभी कार्य और आवश्यक अंतरराष्ट्रीय परामर्श पूरे होने पर वह रिपोर्ट जारी करेगा।