आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार को स्लीपर बस ने टक्कर मारी, 2 बच्चों समेत 5 की मौत
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में बुधवार तड़के एक स्लीपर बस ने अर्टिगा कार को टक्कर मार दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सुबह 4 बजे हुआ। हादसे में कार सवार 2 बच्चियों समेत 5 लोगों की मौत हुई है। घटना के समय कार में 9 लोग सवार थे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार और बस 4-4 घायलों को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया है।
हादसा
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस ने बताया कि घटना के समय स्लीपर बस हरियाणा के झज्जर से बिहार के नालंदा जा रही थी, जबकि अर्टिगा कार आगरा से लखनऊ जाने के लिए निकली थी। बांगरमऊ कोतवाली इलाके के 230.800 माइलस्टोन के पास अचानक स्लीपर बस कार को टक्कर मारते हुए डिवाइडर से टकरा गई और लोहे की ग्रिल तोड़ते हुए नीचे जाकर पलट गई। हादसे के बाद कार भी करीब 20 फीट तक घिसटती गई। घटना के समय बस में 85 यात्री सवार थे।
जांच
बस चालक को झपकी आने से हादसा
पुलिस ने बताया कि बस बाबा ट्रैवलर की है और कार संतकबीर नगर की है। घटना के समय बस की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा के करीब थी। हादसे में कार सवार धुनमुन (60), अंजू (40), दिव्या (6), अमृता (13), और विनोद (45) की मौके पर मौत हो गई है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए घायलों को समुचित इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया है।
ट्विटर पोस्ट
हादसे के बाद का दृश्य
उन्नाव के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा 5 की मौत।
— Arjun Chaudharyy (@Arjun5chaudhary) July 1, 2026
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस-कार की टक्कर। हरियाणा से बिहार जा रही स्लीपर बस खंती में गिरी, कार को मारी टक्कर।
कार सवार 2 बच्चियां, 2 महिलाएं और ड्राइवर समेत 5 की मौत। कई घायल। बस चालक को नींद आने की आशंका। pic.twitter.com/QwNlYWLKF9