Page Loader
कोलकाता लगातार तीसरे साल बना भारत का सबसे सुरक्षित शहर, दूसरे और तीसरे नंबर पर कौन?
कोलकाता भारत का सबसे सुरक्षित शहर रहा (तस्वीर: अनस्प्लैश)

कोलकाता लगातार तीसरे साल बना भारत का सबसे सुरक्षित शहर, दूसरे और तीसरे नंबर पर कौन?

लेखन गजेंद्र
Dec 05, 2023
05:07 pm

क्या है खबर?

कोलकाता लगातार तीसरे साल भारत का सबसे सुरक्षित शहर बना है। यह पुष्टि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों से हुई है। NCRB के मुताबिक, कोलकाता में प्रति लाख आबादी पर सबसे कम संज्ञेय अपराध दर्ज किए गए। कोलकाता में 2021 में प्रति लाख लोगों पर 103.4 अपराध दर्ज किए गए थे, जो 2022 में घटकर 86.5 हो गए। वर्ष 2020 में यह आंकड़ा प्रति लाख लोगों पर 129.5 था।

सुरक्षित शहर

महिलाओं के खिलाफ अपराध में हुई वृद्धि

रिपोर्ट के अनुसार, कोलकाता में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि दर्ज की गई है। 2021 में ऐसे मामलों की संख्या 1,783 थी, जो 2022 में बढ़कर 1,890 हो गई। इसके अलावा पूर्वी महानगर में इस साल हिंसक अपराधों में गिरावट देखी गई है। यहां हत्या के 34 मामले दर्ज किए गए, जो पिछले साल के मुकाबले 45 कम हैं। रिपोर्ट के अनुसार, कोलकाता में 2022 में बलात्कार के 11 मामले दर्ज किए गए, जो 2021 के बराबर है।

आंकड़े

दूसरे पर पुणे और तीसरे नंबर पर हैदराबाद

सबसे सुरक्षित शहरों में कोलकाता के बाद दूसरे नंबर पर पुणे और तीसरे नंबर हैदराबाद रहा। पुणे में प्रति लाख लोगों पर 280.7 और हैदराबाद में 299.2 मामले दर्ज किए गए। वर्ष 2021 में पुणे में प्रति लाख जनसंख्या पर 256.8 और हैदराबाद में 259.9 संज्ञेय अपराध दर्ज हुए थे, जो इस साल के मुकाबले कम थे। बता दें, NCRB, 2022 रिपोर्ट में 20 लाख से अधिक आबादी वाले 19 शहरों के बीच तुलना के बाद रैंकिंग जारी की गई।