झारखंड: रांची में ABVP का पेपर लीक पर प्रदर्शन, पुलिस ने 110 छात्रों को हिरासत में लिया
झारखंड पुलिस ने मंगलवार को पेपर लीक के मामले में राजधानी रांची में विधानसभा की ओर से कूच कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के 110 छात्रों को हिरासत में ले लिया। ये कार्यकर्ता भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं पर कार्रवाई और झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के पेपर लीक मामलों की CBI जांच की मांग कर रहे थे। हालात तब बिगड़ गए जब कुछ छात्रों ने पुलिस की गाड़ी को रोककर उस पर चढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें शुरू हो गईं।
ABVP ने की JPSC और SSC में सुधार की मांग
ABVP ने आरोप लगाया है कि सरकार उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है और इसीलिए उनके लगभग 110 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। ABVP की मुख्य मांग JPSC और कर्मचारी चयन आयोग (SSC) में सुधार करना है, क्योंकि इन दोनों संस्थाओं की भर्ती परीक्षाओं के पेपर बार-बार लीक हुए हैं। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारी घायल हुए, वहीं 14 पुलिसकर्मी भी चोटिल हो गए।