जन्मदिन पर सड़क जलाई, मुंबई के डीलर की इस हरकत ने पहुंचाया जेल
मुंबई में एक 33 साल के कार डीलर को अपना जन्मदिन मनाना महंगा पड़ गया। उसने ऐसा करने के लिए एक सड़क पर ही आग लगा दी। गोरेगांव पश्चिम में MMRDA रोड पर स्थित सनटेक सिटी फोर्थ एवेन्यू के बाहर उसने सार्वजनिक सड़क पर पेट्रोल जैसा कोई ज्वलनशील पदार्थ डालकर '33' का अंक बनाया। फिर उसमें आग लगा दी और इस पूरी घटना को सोशल मीडिया पर डालने के लिए उसकी वीडियो भी बनाई। इस करतूत से सड़क को तो नुकसान हुआ ही, साथ ही वहां से गुजरने वालों की जान को भी गंभीर खतरा पैदा हो गया।
वायरल वीडियो के बाद मुंबई के डीलर को किया गिरफ्तार
यह वीडियो जैसे ही वायरल हुआ, ऑनलाइन लोगों का गुस्सा भड़क उठा। पुलिस ने मामले पर तुरंत संज्ञान लिया और भारतीय न्याय संहिता के तहत FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इंटरनेट पर मशहूर होने की होड़ में किए गए ऐसे जोखिम भरे स्टंट न सिर्फ अपनी सुरक्षा को खतरे में डालते हैं, बल्कि कानूनी तौर पर भी गंभीर अंजाम झेलने पड़ते हैं।