Page Loader
हिमाचल में कुदरत का कहर, बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं में 21 की मौत 
सोलन जिले के जादोन गांव में बादल फटने के कारण मची तबाही

हिमाचल में कुदरत का कहर, बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं में 21 की मौत 

लेखन नवीन
Aug 14, 2023
12:21 pm

क्या है खबर?

हिमाचल प्रदेश में बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं में 21 लोगों की मौत हो गई। यहां सोलन जिले में बादल फटने से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति लापता है। घटना सोलन के कंडाघाट उपमंडल के जादोन गांव में हुई। अधिकारियों ने बताया कि बादल फटने से 2 घर और एक गौशाला बह गई। 5 लोगों को बचाया गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए हैं।

मौत

मृतकों में 4 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बादल फटने से जिन 7 लोगों की मौत हुई है, उनमें 4 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। मृतकों की पहचान 38 वर्षीय हरनाम, 35 वर्षीय कमल किशोर, 14 वर्षीय राहुल, 8 वर्षीय गोलू, 34 वर्षीय हेमलता, 12 वर्षीय नेहा और 12 वर्षीय रक्षा के रूप में हुई है। घटना में एक महिला कान्ता देवी की टांग टूट गई और उन्हें इलाज के अस्पताल भेजा गया है।

ट्वीट

मुख्यमंत्री सुक्खू ने बादल फटने की घटना पर जताया दुख

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुक्खू ने घटना को लेकर ट्विटर पर एक पोस्ट डाली है। उन्होंने लिखा, 'सोलन जिले की धवला उप-तहसील के गांव जादोन में बादल फटने की दुखद घटना में 7 अनमोल जिंदगियों के नुकसान के बारे में सुनकर दुख हुआ। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैंने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता और समर्थन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।'

भूस्खलन

शिमला में भूस्खलन की चपेट में आकर ढहा मंदिर, 9 लोगों की मौत 

राजधानी शिमला में समरहिल स्थित शिव मंदिर भी भूस्खलन की चपेट में आ गया। इसमें कई लोगों के दबे होने की आशंका है। घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव अभियान जारी है। शिमला के पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी ने बताया कि सावन के सोमवार की वजह से कई श्रद्धालु मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे और बचावकर्मियों ने अभी तक मलबे से 9 शव बरामद कर लिए हैं।

बारिश

आज बारिश के चलते सभी स्कूल और कॉलेज बंद

हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश जारी है। यहां बारिश को देखते हुए सोमवार को एहतियातन सभी स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि भारी बारिश के बीच छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर पहाड़ी राज्य में सभी शैक्षणिक संस्थान आज बंद रहेंगे। उन्होंने बारिश से हुए नुकसान और तबाही पर की जानकारी लेने के लिए राज्य के सभी जिलाधिकारियों से बात की।

अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में IMD का ऑरेंज अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश में सोमवार के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते आज भी यहां भारी बारिश की संभावना है। यहां बारिश और भूस्खलन के कारण कुल्लू से मनाली जाने वाला सड़क मार्ग बंद है। सोलन जिले के परवाणू के पास चक्की मोड पर भूस्खलन के चलते चंडीगढ़-कालका-शिमला राजमार्ग को भी बंद किया गया है। इसके अलावा चंडीगढ़- मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है।