मध्य प्रदेश में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, पिता-पुत्र समेत 3 की मौत
क्या है खबर?
मध्य प्रदेश के रीवा में रायपुर कर्चुलियांन थाना क्षेत्र के प्रयागराज नेशनल हाइवे पर शनिवार दोपहर दिल दहलाने वाला हादसा हुआ। यहां एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इसमें पिता-पुत्र समेत 3 की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। इसी तरह कार चालक को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर ट्रैफिक की सुचारू कराया।
हादसा
कैसे हुआ हादसा?
थानाप्रभारी विजय सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान चाचाई निवासी भगवत विश्वकर्मा, उनके बेटे राहुल और उनके साथ आई परिवार की महिला शीतल के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि भगवत के बड़े बेटे की शादी 24 फरवरी को होनी थी और परिवार के लोग रिश्तेदारों में शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए जा रहे थे। इस दौरान पीछे से आई ऑडी कार के चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें उनकी मौत हो गई।
कार्रवाई
पुलिस ने क्या की कार्रवाई?
थानाप्रभारी विजय सिंह ने बताया कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था। ऐसे में कार के पंजीयन नंबर के आधार पर उसका पता लगाकर गिरफ्तार कर लिया और कार को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने बताया कि चालक के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच चल रही है, जिसमें वाहन की गति और लापरवाही की संभावना का पता लगाना शामिल है।