जलंधर हाईवे पर रफ्तार का कहर, बेकाबू कार ने ली 3 की जान
जालंधर-पठानकोट हाईवे पर रविवार दोपहर एक भीषण हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 3 लोगों की जान चली गई और 3 अन्य घायल हो गए। चोलंग टोल प्लाजा के पास हुई इस टक्कर में एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर पहले एक फल की ठेली से टकराई और फिर एक पेड़ से जा भिड़ी। जान गंवाने वालों में स्थानीय फल विक्रेता सुखविंदर सिंह के साथ श्रीनगर के इखलाक कादिर और अनीक अमीन नाम के 2 युवा भी शामिल थे।
नींद आने की वजह से यह हादसा हुआ
पुलिस का मानना है कि इस हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार थी। जांच में सामने आया है कि कार का स्पीडोमीटर 150 किलोमीटर प्रति घंटा पर अटका हुआ था। वहीं, इस बात का भी अंदेशा है कि गाड़ी चलाते समय ड्राइवर को झपकी आ गई होगी। दुर्घटना में घायल हुए लोगों को जालंधर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि फल विक्रेता के परिवार के बयान दर्ज करने के बाद इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।