केरल में 9 दिनों से लापता हैं 3 मछुआरे, परिवारों के विरोध के बाद तेज हुई तलाश
केरल में 31 जुलाई को तिरुवनंतपुरम और कोल्लम तट पर हुए नाव हादसों में लापता हुए 3 मछुआरों को ढूंढते हुए आज 9 दिन हो गए हैं। तटीय पुलिस, कोस्ट गार्ड के हेलीकॉप्टर, ड्रोन और स्थानीय मछुआरे वाले बचाव दल विझिनम, मुथलापोझी और नींदाकारा इलाकों में लगातार खोजबीन कर रहे हैं, लेकिन अभी तक मछुआओं का कोई सुराग नहीं मिला है।
विरोध के बाद तलाशी अभियान में आई तेजी
नींदाकारा में गौतम कृष्ण लापता हुए तो उनकी मां रश्मी ने विरोध प्रदर्शन किया। ये वही जगह है जहां गौतम के पिता और दादा की पहले ही एक दुखद हादसे में जान जा चुकी थी। मां के इस विरोध के बाद प्रशासन ने उनकी तलाश के लिए और ज्यादा संसाधन भेजे। वहीं विझिनम के पुल्लविला से लापता हुए जॉन के परिवार ने जब चिंता जताई, तो उनकी तलाश भी तेज कर दी गई। मुथलापोझी के पास शिजिन की तलाश शनिवार को मरीन एनफोर्समेंट (समुद्री पुलिस) की अतिरिक्त मदद के साथ फिर से शुरू की गई। परिवहन मंत्री सीपी जॉन ने शिजिन के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि तलाश के प्रयासों को और मजबूत किया जाएगा और इसमें स्थानीय मछुआरे भी पूरा सहयोग देंगे।