Page Loader
पंजाब: सिद्धू के पदभार ग्रहण समारोह में जा रहे कार्यकर्ताओं की बस दुर्घटनाग्रस्त, तीन की मौत
बस दुर्घटना में तीन कार्यकर्ताओं की मौत

पंजाब: सिद्धू के पदभार ग्रहण समारोह में जा रहे कार्यकर्ताओं की बस दुर्घटनाग्रस्त, तीन की मौत

Jul 23, 2021
11:26 am

क्या है खबर?

पंजाब के मोगा जिले में हुई बस दुर्घटना में तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौत हो गई है। ये पंजाब कांग्रेस के नए प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू के पदभार ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने के लिए जा रहे थे। बस में सवार 40 लोगों में से कई घायल हुए हैं। यह बस कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर मोगा से चंडीगढ़ जा रही थी। मोगा-अमृतसर रोड पर सामने से आ रही एक दूसरी बस से टक्कर होने के कारण यह हादसा हुआ है।

बयान

मुख्यमंत्री ने घटना पर दुख जताया

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'मोगा जिले में बस हादसे के बारे में जानकर दुख पहुंचा, जिसमें तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं। मोगा के जिला उपायुक्त को सभी घायलों को तुरंत इलाज मुहैया कराने और सरकार को रिपोर्ट भेजने को कहा है।' यह घटना सुबह आठ बजे की बताई जा रही है।

वजह

तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा

NDTV के अनुसार, एक निजी बस जीरा से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर चंडीगढ़ जा रही थी। तेज गति के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और इसकी टक्कर सामने से आ रही सरकारी बस हो गई। दुर्घटना की तस्वीरों में देखा जा सकता है कि टक्कर के बाद निजी बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। दुर्घटना में 24 लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

जानकारी

अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराए गए घायल

दुर्घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत अभियान चलाया। ताजा जानकारी के अनुसार, सभी घायलों को बस से निकाल लिया गया है और अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मोगा के सिविल सर्जन डॉ अमरप्रीत कौर बाजवा ने बताया कि 10 लोगों को मोगा के सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है और बाकियों को लुधियाना, अमृतसर और पटियाला ले जाया गया है।

पंजाब कांग्रेस

आज पदभार संभालेंगे सिद्धू

पंजाब कांग्रेस के नए 'कैप्टन' नवजोत सिंह सिद्धू आज पदभार ग्रहण करेंगे। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के विरोध के बावजूद सोनिया गांधी ने उन्हें इस पद पर नियुक्त किया है। पहले लगाए जा कयासों के विपरित मुख्यमंत्री ने आज सुबह सिद्धू से पंजाब भवन में मुलाकात की। इससे संकेत मिल रहे हैं कि दोनों के बीच लंबे समय से चला आ रहा टकराव अब खत्म हो गया है। चार महीनों से अधिक समय में दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात है।